Monsoon 2025: देशभर में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक हो रही बारिश ने जहां एक ओर गर्मी से राहत दी है, वहीं कई राज्यों में यह बारिश मुसीबत बनकर आई है। उत्तराखंड में लगातार हो रहे भूस्खलनों ने जनजीवन को प्रभावित किया है, (Monsoon 2025)जबकि कई राज्य बाढ़ जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। आइए जानते हैं आज देशभर में कैसा रहेगा मौसम।
दिल्ली-एनसीआर में क्या आज होगी बारिश?
जुलाई की शुरुआत हो चुकी है लेकिन दिल्ली-एनसीआर के लोग अभी भी गर्मी और उमस से परेशान हैं। राजधानी में मानसून पिछले महीने के अंत में दस्तक दे चुका है, लेकिन अब तक झमाझम बारिश नहीं हुई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भले ही कल येलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन एक बूंद बारिश नहीं हुई। आज भी दिल्ली में बारिश की कोई संभावना नहीं है। IMD के अनुसार, अगले 4–5 दिनों तक राजधानी में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।
हिमाचल प्रदेश में बढ़ा बाढ़ का खतरा
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर में अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग ने सोमवार तक ‘येलो अलर्ट’ जारी करते हुए नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
राजस्थान में भी भारी बारिश का अनुमान
राजस्थान में भी मानसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग, जयपुर के अनुसार भरतपुर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण पूर्वी राजस्थान के अधिकतर हिस्सों में अगले चार से पांच दिन मानसून सक्रिय रहेगा। इससे जयपुर, कोटा और भरतपुर संभागों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
यूपी और बिहार में कैसा रहेगा आज का मौसम?
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज 9 जुलाई को तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। ललितपुर, झांसी, महोबा, हमीरपुर, जालौन, बांदा, चित्रकूट और सोनभद्र जिलों में गरज-चमक के साथ वर्षा की संभावना है। वहीं बिहार में मानसून धीरे-धीरे सक्रिय हो रहा है। गया, नवादा, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर और खगड़िया में वज्रपात, मेघगर्जन और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।