IMD update: देश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है और झमाझम बारिश हो रही है। कुछ जगहों पर भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि (IMD update)राजस्थान में आगामी दिनों में भारी बारिश हो सकती है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी हालात सामान्य होने का नाम नहीं ले रहे हैं। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा मंडरा रहा है।
राजस्थान: रेड अलर्ट जारी
राजधानी जयपुर सहित पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में एक से दो दिन के भीतर तेज बारिश की संभावना है। संभवतः तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी, साथ ही बाढ़ का जोखिम भी बढ़ सकता है। पूर्वी राजस्थान में बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड: पहाड़ी इलाकों में बढ़ा खतरा
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना है। मैदानी इलाकों की अपेक्षा पर्वतीय जिलों में अधिक बारिश हो सकती है। भूस्खलन और छोटी-बड़ी नदियों में उफान का खतरा बना हुआ है, जिससे फसल, सड़कों एवं बस्तियों को नुकसान हो सकता है।
मध्य भारत और पश्चिमी क्षेत्र: अगले 48 घंटों में भारी बारिश की आशंका
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और गुजरात के कई क्षेत्रों में अगले 24-48 घंटों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है। नदियों का जलस्तर बढ़ सकता है। कोंकण-गोवा, कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र में भी भारी बारिश की आशंका है। मध्य महाराष्ट्र में रेड अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वोत्तर और पूर्व भारत: भारी से मध्यम बारिश की संभावना
सिक्किम एवं पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। बिहार, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, सौराष्ट्र-कच्छ, दिल्ली और केरल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग की चेतावनी और अलर्ट
IMD ने अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, नागालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, कोंकण और गोवा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य क्षेत्रों में येलो वॉर्निंग दी गई है।