पीएम मोदी मलेशिया पहुंचे, व्यापार से आतंकवाद तक बड़ी बातें, नया वाणिज्य दूतावास खोलने का ऐलान किया

14
PM Modi Malaysia Visit

PM Modi Malaysia Visit: नई दिल्ली/कुआलालंपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों मलेशिया के दौरे पर हैं, जहां भारत–मलेशिया रिश्तों को नई ऊंचाई देने की कोशिशें तेज हो गई हैं। रविवार को पीएम मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के बीच हुई अहम बैठक के बाद दोनों देशों ने रणनीतिक, आर्थिक और मानवीय सहयोग को और मजबूत करने का संकेत दिया। (PM Modi Malaysia Visit)संयुक्त प्रेस बयान में पीएम मोदी ने कहा कि यह दौरा केवल कूटनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि सीधे लोगों के जीवन से जुड़ा हुआ है।

हिंद-प्रशांत में भारत-आसियान की भूमिका पर जोर

बैठक के बाद पीएम मोदी ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र आज दुनिया के विकास इंजन के रूप में उभर रहा है। भारत और मलेशिया, आसियान की केंद्रीय भूमिका को प्राथमिकता देते हुए पूरे क्षेत्र में शांति, स्थिरता और विकास के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। पीएम मोदी ने आसियान की सफल अध्यक्षता के लिए मलेशिया को बधाई भी दी।

व्यापार से लेकर AI और सेमीकंडक्टर तक सहयोग

प्रधानमंत्री ने बताया कि दोनों देशों ने व्यापार, इंफ्रास्ट्रक्चर, ऊर्जा, आईटी और बायोटेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की है। इसके साथ ही सुरक्षा, रक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति बनी है।

पीएम मोदी ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों को समर्थन देने के लिए मलेशिया में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोला जाएगा। इसके साथ ही युवाओं के लिए यूनिवर्सिटी एक्सचेंज, स्टार्टअप कनेक्ट और स्किल डेवलपमेंट के नए अवसर बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

भारतीय प्रवासियों को बताया रिश्तों की ताकत

दौरे के दौरान पीएम मोदी ने मलेशिया में रह रहे भारतीय प्रवासियों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि करीब 30 लाख भारतीयों का यह जीवंत समुदाय दोनों देशों के रिश्तों की मजबूत कड़ी है। भारतीय कामगारों की सुरक्षा के लिए सामाजिक सुरक्षा समझौता, फ्री ई-वीजा और पर्यटन के लिए यूपीआई डिजिटल इंटरफेस जैसे कदम लोगों की जिंदगी आसान बनाएंगे।

आतंकवाद पर दो टूक संदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर कोई दोहरा मापदंड नहीं हो सकता। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आतंकवाद पर न कोई समझौता होगा और न ही नरमी। वैश्विक अस्थिरता के दौर में भारत और मलेशिया की दोस्ती दोनों देशों के लिए बेहद अहम है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here