Yamuna Water Agreement: सीकर। यमुना जल समझौते में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर मंगलवार को सीकर में सुजला शेखावाटी समिति एवं घनश्याम तिवाड़ी अभिनंदन समिति के संयुक्त तत्वावधान में राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भामू, चूरू विधायक हरलाल सारण, (Yamuna Water Agreement)पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और किसान मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि यमुना जल परियोजना शेखावाटी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि इस समझौते से सीकर, झुंझुनूं और चूरू जिलों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद मजबूत हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 1994 से क्षेत्र के लिए यमुना जल की मांग उठती रही है और अब यह सपना साकार होने की दिशा में आगे बढ़ा है।
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि इस समझौते को साकार करने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भैरों सिंह शेखावत को याद करते हुए कहा कि शेखावाटी तक यमुना का पानी पहुंचाना उनका सपना था।
समारोह में वक्ताओं ने यमुना जल समझौते को शेखावाटी के विकास और पेयजल सुरक्षा की दिशा में मील का पत्थर बताते हुए इसे क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बताया। विभिन्न सामाजिक और व्यावसायिक संगठनों ने इस अवसर पर घनश्याम तिवाड़ी और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा का सम्मान भी किया।
