BJP Rajasthan: सुजानगढ़ । सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (रालोपा) को बड़ा राजनीतिक झटका देते हुए पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ की उपस्थिति में इन नेताओं एवं (BJP Rajasthan)कार्यकर्ताओं ने भाजपा की रीति-नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर पार्टी में अपना विश्वास जताया।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में रतनलाल नायक, पूर्व मंडल अध्यक्ष, सुजानगढ़; रामनिवास तेतरवाल, पूर्व देहात अध्यक्ष, रालोपा; मनोहर नायक, मंडल महामंत्री, सुजानगढ़; भवानी नायक, नायक समाज तहसील अध्यक्ष, बीदासर तथा बनवारी नायक, तहसील सचिव, बीदासर प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री
भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार जनकल्याण, सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। सरकार की योजनाओं से गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।यही कारण है कि विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा और विकास की राजनीति से प्रभावित होकर भाजपा परिवार से जुड़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को लेकर आगे बढ़ने वाला संगठन है। भाजपा की नीतियां अंत्योदय, सबका साथ, सबका विकास और राष्ट्रहित को केंद्र में रखकर समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने वाली हैं।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव और सक्रियता से सुजानगढ़ क्षेत्र में संगठन को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नए कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच,महामंत्री श्रवण बगड़ी, मिथिलेश गौतम, भूपेंद्र सैनी, कोषाध्यक्ष पंकज गुप्ता, सरकार में मंत्री झाबर सिंह खर्रा सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
