Cyber Fraud: अलवर। राजस्थान में अलवर में शेयर बाजार में निवेश करके मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर की गई 49 लाख 49 हजार 139 रुपए की साइबर ठगी के (Cyber Fraud)मामले में अलवर साइबर थाना पुलिस ने गुजरात से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि परिवादी ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि पवन ब्रोकरेज के मालिक पवन भाई और राहुल ने डीमैट खाता खुलवाकर शेयर बाजार में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया।आरोपियों ने निवेश के नाम पर उससे अलग-अलग तरीके से प्रलोभन देकर करीब 49 लाख 49 हजार रुपए की साइबर ठगी कर ली।
पुलिस ने जांच के दौरान साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों और उनमें हुए लेन-देन की जानकारी जुटाई तो सामने आया कि आरोपी कौशिक कुमार दर्जी (50) निवासी नवापुरा, थाना कालोल, जिला पंचमहल, गुजरात के बैंक खाते में साइबर ठगी की 32 लाख 80 हजार रुपए की राशि प्राप्त हुई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस पहले ही मयूर कुमार गुनवंत भाई प्रजापति (28) निवासी विसनगर, जिला महसाणा गुजरात को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार मयूर कुमार के बैंक खाते में भी ठगी की 16 लाख 69 हजार 139 रुपए की राशि प्राप्त हुई थी।
