‘दमनकारी नीतियों से नहीं झुकूंगा’… गिरल माइंस आंदोलन के बीच रविन्द्र सिंह भाटी का बड़ा ऐलान

Ravindra Singh Bhati

Ravindra Singh Bhati: बाड़मेर जिले की गिरल लिग्नाइट माइंस के बाहर श्रमिकों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। विभिन्न मांगों को लेकर जारी धरने के 26वें दिन शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने श्रमिकों और ग्रामीणों के साथ मिलकर प्रदेश सरकार की सद्बुद्धि के लिए विशेष हवन किया।(Ravindra Singh Bhati) आंदोलनकारियों का कहना है कि लंबे समय से सरकार और प्रशासन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, इसलिए यह प्रतीकात्मक कार्यक्रम आयोजित किया गया।

श्रमिकों और ग्रामीणों की बड़ी भागीदारी

धरनास्थल पर आयोजित हवन में बड़ी संख्या में श्रमिक, महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और आसपास के गांवों के लोग शामिल हुए। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए इस आयोजन में श्रमिकों ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की प्रार्थना की। आंदोलनकारियों ने कहा कि उनका संघर्ष पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक है, लेकिन लगातार अनदेखी से उनमें नाराजगी बढ़ रही है।

सरकार पर साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए रविन्द्र सिंह भाटी ने कहा कि श्रमिक पिछले डेढ़ महीने से अधिक समय से अपने अधिकारों और रोजगार सुरक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं मिला। उन्होंने कहा कि 45 डिग्री से अधिक तापमान में मजदूर धरने पर बैठे हैं और कई लोगों की तबीयत भी बिगड़ चुकी है।

भाटी ने कहा, “सरकार जितनी भी दमनकारी नीति अपना ले, मैं झुकने वाला नहीं हूं। यह लड़ाई मजदूरों के अधिकारों और उनके भविष्य की है।”

विधायक भाटी पिछले 26 दिनों से श्रमिकों के साथ धरनास्थल पर ही मौजूद हैं। वे वहीं रात्रि विश्राम कर रहे हैं और आमजन की समस्याएं भी सुन रहे हैं। इसके चलते धरनास्थल क्षेत्रीय जनसमस्याओं के समाधान का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन गया है।

मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन

श्रमिकों की प्रमुख मांगों में निकाले गए कर्मचारियों की पुनर्बहाली, 8 घंटे की कार्य अवधि, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता और श्रमिक सुरक्षा सुविधाएं शामिल हैं। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर लिखित और संतोषजनक निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। श्रमिक नेताओं ने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version