Bhajanlal Sharma: राजसमंद/जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को राजसमंद के भिक्षु निलयम में आयोजित समारोह में 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के 347 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 369 करोड़ रुपये से अधिक की 266 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 122 करोड़ रुपये से अधिक की 81 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।(Bhajanlal Sharma) मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार विकसित भारत और विकसित राजस्थान-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से कार्य कर रही है।
किसानों और पशुपालकों को आर्थिक मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने किसान सम्मान निधि को 6 हजार रुपये से बढ़ाकर 9 हजार रुपये किया है। किसानों को बिजली बिलों में करीब 61 हजार करोड़ रुपये का अनुदान दिया गया है, जबकि प्रधानमंत्री कुसुम योजना से किसान ऊर्जा उत्पादक भी बन रहे हैं। पशुपालकों को गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के तहत एक लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण, दूध पर 5 रुपये प्रति लीटर अनुदान तथा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 23 लाख से अधिक बीमा पॉलिसियों का लाभ दिया गया है।
रोजगार, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के लिए अब तक 1.78 लाख से अधिक सरकारी नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1.32 लाख पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। उन्होंने बताया कि ढाई वर्षों में 410 भर्ती परीक्षाएं बिना पेपर लीक के आयोजित की गईं। शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं को साइकिल और स्कूटी वितरण, आंगनबाड़ी केंद्रों में सप्ताह में पांच दिन दूध वितरण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री आरोग्य योजना और ‘मा वाउचर योजना’ का लाभ दिया जा रहा है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन बढ़ाकर 1,450 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल परियोजनाओं को मिली गति
राजसमंद जिले में जिन प्रमुख परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया, उनमें कुंभलगढ़-चित्तौड़गढ़ सड़क चौड़ीकरण, दरीबा में 220 केवी जीएसएस, नाथद्वारा में दुग्ध प्रसंस्करण इकाई, खेल स्टेडियम, स्वास्थ्य केंद्र, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य इकाई तथा पेयजल परियोजनाएं शामिल हैं। वहीं, नई सड़कें, विद्यालय, जलापूर्ति योजनाएं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एसटीपी प्लांट, वेस्ट मैनेजमेंट और सिंचाई परियोजनाओं सहित 122 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी गई। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि, ट्राइसाइकिल, ऋण चेक और अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी वितरित किए।
