
JAIPUR : राजस्थान में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का त्योहार भक्ति, परंपरा और बदलते दौर के अनोखे संगम के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। प्रदेशभर के मंदिरों में भगवान कृष्ण को विभिन्न तरह के भोग अर्पित किए गए। एक ओर जहां राजधानी जयपुर के मंदिरों में आधुनिक व्यंजनों की छटा देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर नाथद्वारा और भीलवाड़ा में सदियों पुरानी लोक परंपराएं और सामुदायिक भक्ति का स्वरूप नजर आया।
वैशाली नगर में पिज्जा-बर्गर और डोनट्स का भोग
जयपुर के वैशाली नगर स्थित स्वामी नारायण अक्षरधाम मंदिर में अन्नकूट उत्सव का नजारा बेहद खास रहा। यहां पारंपरिक मिठाइयों, फल और सब्जियों के साथ-साथ भगवान को पिज्जा, चीज़ बर्गर, पेस्ट्री और आर्टिसनल डोनट्स का भी भव्य भोग लगाया गया। इस आधुनिक भोग को देखने और भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
अक्षय पात्र में 21 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत
जगतपुरा स्थित अक्षय पात्र मंदिर परिसर में गाय के गोबर से 21 फीट ऊंचा विशाल गोवर्धन पर्वत बनाया गया। इस निर्माण में विभिन्न पवित्र नदियों और तीर्थ स्थलों से लाए गए जल का इस्तेमाल किया गया था। वहीं, जयपुर के आराध्य देव गोविंद देवजी महाराज का स्वर्ण-मंडित पोशाक में विशेष श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए तड़के से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।
भीलवाड़ा में 21 हजार किलो की महाप्रसादी, नाथद्वारा में ‘अन्नकूट लूट’
भीलवाड़ा के पेच के बालाजी मंदिर में सामुदायिक भक्ति की मिसाल देखने को मिली, जहां लगभग 21,000 किलोग्राम सब्जियों और अनाज को मिलाकर महाप्रसाद तैयार किया गया और हजारों भक्तों में बांटा गया। वहीं, राजसमंद के प्रसिद्ध श्रीनाथजी मंदिर में मध्यरात्रि को सदियों पुरानी ‘अन्नकूट लूटने’ की परंपरा निभाई गई, जिसमें भील आदिवासी समुदाय के लोगों ने पारंपरिक रूप से चावल के प्रसाद को प्राप्त किया। इसके अलावा केकड़ी में ‘अंगारों की होली’ का आयोजन हुआ, तो चित्तौड़गढ़ के सांवलियाजी मंदिर परिसर में गोवर्धन पूजा के तहत गायों और बैलों की विशेष परिक्रमा करवाई गई।