Rajasthan ANTF: जयपुर। राजस्थान में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के कुख्यात ‘डोडा किंग’ बलदेव उर्फ पम्मु उर्फ गोरा बाजीगर को गिरफ्तार किया है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा और एडीजीपी दिनेश एमएन के मार्गदर्शन में ‘ऑपरेशन मदपाण्डुकी’ के तहत यह कार्रवाई कोटा ग्रामीण के चेचट क्षेत्र में की गई। आरोपी की लग्जरी कार से 83.930 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद किया गया है। वह कोटपुतली-बहरोड़ पुलिस का ₹25 हजार का इनामी और पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहा था।
डोडा पोस्त कारोबार का बड़ा सप्लायर
एएनटीएफ के आईजी विकास कुमार ने बताया कि पंजाब के पटियाला निवासी 46 वर्षीय बलदेव महज पांचवीं पास है। मजदूरी से शुरुआत करने वाला बलदेव वर्ष 2017 में तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा और धीरे-धीरे राजस्थान, मध्यप्रदेश, पंजाब व हरियाणा तक फैले डोडा पोस्त कारोबार का बड़ा सप्लायर बन गया। वह हर महीने 8 बार राजस्थान और मध्यप्रदेश आकर प्रत्येक ट्रिप में 80 से 90 किलो डोडा पोस्त पंजाब पहुंचाता था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह हर बार नई कार और नया साथी लेकर आता था। कोटा के बड़गांव गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद ही तस्करी के लिए निकलता था। इस बार एएनटीएफ ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए पीछा किया। पुलिस को देखकर उसने कार की रफ्तार करीब 180 किमी प्रति घंटा कर दी, लेकिन चेचट के पास नाकाबंदी के दौरान भागते समय उसकी कार दीवार से टकरा गई।
इसके बाद बलदेव और उसका साथी झाड़ियों में भाग गए। एएनटीएफ और ग्रामीणों ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाकर बलदेव को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। तलाशी के दौरान पुलिस को एक ‘काली डायरी’ भी मिली है, जिसमें तस्करी के नेटवर्क, सप्लायरों, खरीदारों और लेन-देन का पूरा ब्यौरा दर्ज है। पुलिस का मानना है कि इससे अंतरराज्यीय नशा तस्करी से जुड़े कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल चेचट थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
