PBM अस्पताल कांड पर सवाल पूछते ही भड़के मंत्री खींवसर, बोले- ‘नाचती हुई आई थी क्या?’

PBM Hospital

PBM Hospital: जयपुर/बीकानेर। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की किडनी फेल होने और मौत के मामलों को लेकर उठ रहे सवालों के बीच  आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर पत्रकारों के सवालों पर नाराज नजर आए।(PBM Hospital) पत्रकारों ने जब पीड़ित महिलाओं में एक जैसे लक्षण और डिलीवरी के दो-तीन घंटे बाद तबीयत बिगड़ने को लेकर सवाल किया तो मंत्री ने तीखी प्रतिक्रिया दी।

पत्रकारों ने पूछा कि जिन महिलाओं की हालत गंभीर हुई, उनमें लगभग समान लक्षण देखने को मिले और अधिकांश मामलों में डिलीवरी के कुछ घंटों बाद ही स्थिति बिगड़ गई। ऐसे में सरकार इस पूरे मामले को किस नजरिए से देख रही है?

इस पर चिकित्सा मंत्री ने कहा कि सभी महिलाएं पहले से ही गंभीर स्वास्थ्य स्थिति में अस्पताल पहुंची थीं। उन्होंने सवाल का जवाब देते हुए कहा, “वो गंभीर हालत में आई थी, आप क्या बात कर रहे हो?”

नाचती हुई आई थी…

सवालों के बीच मंत्री ने सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज (एसपीएमसी) के प्रिंसिपल डॉ. सुरेंद्र वर्मा को भी जवाब देने के लिए बुलाया। इस दौरान उन्होंने कहा, “आप ही बताइए, कैसी हालत में आई थी। पैदल चलकर, नाचती हुई आई थी या बीमार होकर आई थी?”

मंत्री की इस टिप्पणी के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल कुछ देर के लिए गर्मा गया। पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं की मौत और किडनी फेल होने के मामलों ने पूरे प्रदेश में चिंता बढ़ा दी है। विपक्ष भी मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है। सरकार ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं और विशेषज्ञों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मंत्री बोले- हजार मरीज आते हैं….

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री खींवसर ने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज आते हैं। उन्होंने कहा, “1000 मरीज आते हैं, उनमें से 2 की मृत्यु हो जाती है, बाकी स्वस्थ होकर घर जाते हैं, लेकिन उनकी चर्चा नहीं होती।”

फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौतों और गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं के कारणों पर स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version