Rajasthan News: जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मुख्यमंत्री निवास पर ओम बन्ना मंदिर के लिए भूमि आवंटन का आभार व्यक्त करने आए जन समूह को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पग-पग पर आस्था धाम हैं तथा कई महापुरुषों ने अपने पुरुषार्थ से लोकहितकारी कार्य किए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान शौर्य और पराक्रम की भूमि होने के साथ ही आस्था और विश्वास की पावन धरती है। श्री ओम बन्ना के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था है। वे उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से रक्षा करने तथा मनोकामनाओं को पूर्ण करने के लिए श्रद्धापूर्वक पूजते हैं। उन्होंने कहा कि पाली जिले के चोटीला में श्री ओम बन्ना मंदिर के विस्तार और सुव्यवस्थित विकास के लिए हमारी सरकार द्वारा भूमि आवंटित की गई है। इससे मंदिर परिसर का अच्छा विकास होगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत, कार्यक्रम के आयोजक भाजपा के प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, मारवाड़ राजपूत सभा के अध्यक्ष हनुमान सिंह खांगटा, श्री ओम बन्ना के पुत्र महान पराक्रम वीर सिंह सहित बड़ी संख्या में राजपूत समाज के प्रमुख मौजूद रहे
