दुबई में छिपा था जयपुर का ‘किडनैपिंग किंग’! इंटरपोल की मदद से करण आसवानी गिरफ्तार, 25 साल पुराना क्राइम रिकॉर्ड

Karan Aswani Dubai arrest

Karan Aswani Dubai arrest: जयपुर। जयपुर में पुलिसकर्मी की वर्दी का सहारा लेकर व्यापारी का अपहरण करने और परिजनों से फिरौती मांगने के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों में शामिल करण आसवानी उर्फ कमल सिंधी को आखिरकार विदेश से भारत लाया गया है। आरोपी वारदात के बाद दुबई भाग गया था, लेकिन राजस्थान एजीटीएफ की लगातार निगरानी और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ(Karan Aswani Dubai arrest) समन्वय के चलते उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद अबू धाबी इंटरपोल टीम ने उसे डिटेन किया और एजीटीएफ की टीम उसे जयपुर लेकर पहुंची।

पुलिस वर्दी पहनकर किया था व्यापारी का अपहरण

मामला जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार 20 अगस्त 2025 को व्यापारी नरेन्द्र नाथ दत्ता घर से वैशाली नगर के लिए निकले थे। बाद में उनका मोबाइल बंद हो गया। अगले दिन परिजनों को उनके मोबाइल से फोन कर अपहरण की जानकारी दी गई और फिरौती की मांग की गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नरेन्द्र नाथ दत्ता और उनके चालक योगेश को सुरक्षित छुड़ा लिया। मामले में हर्ष गौतम, कनक गांगुली और अजय बेनीवाल उर्फ शाका को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुलिसकर्मी की वर्दी पहनकर लोगों का अपहरण किया और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा था।

जांच में करण आसवानी की भूमिका सामने आने के बाद उसके खिलाफ वारंट जारी हुआ, लेकिन वह देश छोड़कर दुबई भाग गया। एजीटीएफ ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया और यूएई के अबू धाबी इंटरपोल के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। तकनीकी और अन्य माध्यमों से उसकी लोकेशन ट्रेस कर इंटरपोल को उपलब्ध कराई गई।

25 साल पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार करण आसवानी के खिलाफ पहला हत्या का मामला वर्ष 2000 में मुरलीपुरा थाने में दर्ज हुआ था। इसके बाद बलवा, मारपीट, घर में घुसकर हमला, चोरी, अपहरण और जबरन वसूली सहित कई मामले दर्ज हुए। वर्ष 2023 और 2025 में भी उसके खिलाफ अपहरण और जबरन वसूली से जुड़े प्रकरण सामने आए।

31 अगस्त को एजीटीएफ की टीम आरोपी को भारत लाने के लिए रवाना हुई थी। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद टीम गुरुवार देर रात करण आसवानी को लेकर जयपुर पहुंची। अब आरोपी से मामले में विस्तृत पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version