Jaipur Accident News: जयपुर। राजस्थान की राजधानी में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले एक महीने में कई बड़ी घटनाओं के बाद अब झोटवाड़ा इलाके में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोमवार देर रात तेज रफ्तार सफेद स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, (Jaipur Accident News) जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
रात 12 बजे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक यह दुर्घटना 16 फरवरी की रात करीब 12 बजे झोटवाड़ा के कांटा चौराहे से आगे महाराणा प्रताप स्कूल के सामने हुई। हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान वीरेंद्र और मोहित शर्मा के रूप में हुई है।
वीरेंद्र भरतपुर का रहने वाला था और जयपुर में अपोलो फार्मेसी में काम करता था, जबकि मोहित नीम का थाना का निवासी था। दोनों दोस्त थे और पांचावाला इलाके में किराये पर रहते थे। सोमवार रात खाना खाने के बाद दोनों एक्टिवा स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी उछलकर दूर जा गिरी और दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
स्पीड लिमिट 30, गाड़ी दौड़ी 100 से ज्यादा
जिस सड़क पर हादसा हुआ वहां अधिकतम गति सीमा 30 किलोमीटर प्रति घंटा है, लेकिन शुरुआती जांच में स्कॉर्पियो की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस को आशंका है कि चालक शराब के नशे में हो सकता है।
हादसे के बाद फरार हुआ चालक
टक्कर के बाद स्कॉर्पियो भी कुछ दूरी तक अनियंत्रित हो गई, लेकिन चालक गाड़ी संभालकर मौके से फरार हो गया। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, हालांकि उसमें वाहन का नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा है। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। इस घटना के बाद एक बार फिर जयपुर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने पर सवाल खड़े हो गए हैं।
लगातार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी और तेज रफ्तार का खामियाजा आम लोगों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ रहा है।
