Rajasthan Crime News: जयपुर के मानसरोवर इलाके में रविवार देर रात एक बर्थडे पार्टी के दौरान खूनी वारदात सामने आई। आतिश मार्केट स्थित एक क्लब में पार्टी कर रहे बदमाशों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने अपने ही साथी की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। (Rajasthan Crime News) मृतक की पहचान धौलपुर बखेड़ी निवासी अन्नू गुर्जर (25) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना मानसरोवर मेट्रो स्टेशन के पास स्थित क्लब में हुई। रात करीब 2:30 बजे पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसके बाद मारपीट हुई और चाकूबाजी में अन्नू गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गया। साथी बदमाश उसे इलाज के लिए जयपुरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लड़की को थप्पड़ मारने के बाद बढ़ा विवाद
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी और मृतक एक ही ग्रुप के सदस्य थे और साथ में बर्थडे पार्टी मनाने पहुंचे थे। पार्टी में ग्रुप की एक लड़की भी मौजूद थी।
पुलिस के मुताबिक, किसी बात को लेकर अन्नू गुर्जर ने लड़की को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद उसके साथियों ने विरोध किया और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अनुज गुर्जर ने अपने साथियों के साथ मिलकर अन्नू पर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान रसोई में इस्तेमाल होने वाला चाकू उठाकर अन्नू पर वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने के कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने 8 बदमाशों को हिरासत में लिया
सूचना मिलने के बाद मानसरोवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी लखन सिंह खटाना ने बताया कि हत्या की सूचना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 8 बदमाशों को हिरासत में लिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जयपुरिया अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं में जांच जारी है।
भरतपुर ओपन जेल से फरार होकर आए थे आरोपी
जांच में सामने आया कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी भरतपुर ओपन जेल से फरार होकर जयपुर पहुंचे थे। इनमें कुलदीप गुर्जर और कुल्लू गुर्जर हत्या के मामलों में सजा काट रहे थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी गोल्डी मर्डर केस (जयपुर शहर थाना) और पाकिस्तानी नागरिक हकरुल्ला की जेल में हत्या (लालकोठी थाना) जैसे मामलों में दोषी हैं। वहीं तीसरा आरोपी राजेश गुर्जर रेप केस में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था।
पुराने साथियों के साथ कर रहे थे पार्टी
पुलिस जांच में सामने आया कि जेल से फरार आरोपी अपने पुराने साथियों के साथ जयपुर आए थे। यहां वे अनुज गुर्जर, अनुज सूप, आकाश गुर्जर, क्षेत्रपाल गुर्जर सहित अन्य साथियों के साथ बर्थडे पार्टी कर रहे थे।
इसी दौरान अनुज गुर्जर और अन्नू गुर्जर के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद आरोप है कि अनुज ने अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू से हमला कर दिया।
ओपन जेल से फरारी का अलग मामला दर्ज
पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, भरतपुर ओपन जेल से फरार होने के मामले में आरोपियों के खिलाफ अलग से केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
