India US Trade Deal: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को लेकर एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका, भारत के साथ ‘बहुत बड़ी ट्रेड डील’ करने जा रहा है। उन्होंने व्हाइट हाउस के एक कार्यक्रम में यह घोषणा की। ट्रंप ने कहा, “हम इंडिया के साथ बहुत बड़ी ट्रेड डील कर रहे हैं।(India US Trade Deal) हम इंडिया को खोलने जा रहे हैं। कुछ ऐसे काम हो रहे हैं जो पहले कभी मुमकिन नहीं थे।” उन्होंने भारत को एक खास देश बताया और कहा कि अमेरिका हर देश से समझौता नहीं करेगा, लेकिन भारत को अहमियत दी जाएगी।
भारत की टीम पहुंची वॉशिंगटन
भारत की ओर से इस डील पर बातचीत के लिए वाणिज्य मंत्रालय के स्पेशल सेक्रेटरी राजेश अग्रवाल की अगुवाई में टीम अमेरिका पहुंच गई है। वे अमेरिका की टीम से दो दिन की बैठकें कर रहे हैं। यह मीटिंग इसलिए अहम है क्योंकि भारत और अमेरिका इंटरिम ट्रेड डील पर काम कर रहे हैं।
9 जुलाई से पहले हो सकती है डील
अमेरिका ने 2 अप्रैल को भारत से आने वाले कुछ उत्पादों पर 26% एक्स्ट्रा टैक्स लगाने की घोषणा की थी, जिसे 90 दिन के लिए टाल दिया गया है। यदि 9 जुलाई तक डील नहीं हुई, तो यह टैक्स दोबारा लागू हो सकता है।
किस बात पर है विवाद?
अमेरिका चाहता है: भारत गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, डेयरी प्रोडक्ट्स, वाइन, एप्पल और जेनेटिकली मोडिफाइड फसलों पर टैक्स कम करे।
भारत चाहता है: टेक्सटाइल, गहने, चमड़ा, केमिकल्स, झींगा, अंगूर और केले जैसे प्रोडक्ट्स पर अमेरिका शुल्क घटाए।
भारत के लिए डेयरी सेक्टर सेंसिटिव रहा है और अब तक किसी FTA में इसे नहीं खोला गया है।
डील नहीं हुई तो क्या होगा?
अगर 9 जुलाई तक डील नहीं होती तो अमेरिका भारत के प्रोडक्ट्स पर फिर से 26% अतिरिक्त टैक्स लागू कर सकता है। इससे भारतीय निर्यातकों को नुकसान होगा।
क्या मिलेगा भारत को इस डील से?
अगर यह डील हो जाती है, तो भारत-अमेरिका के बीच व्यापार 2030 तक 500 अरब डॉलर तक पहुंच सकता है (अभी लगभग 191 अरब डॉलर)।
इससे भारत के लेबर-इंटेंसिव सेक्टर को बढ़ावा मिलेगा और अमेरिकी कंपनियों को भी भारत में अवसर बढ़ेंगे।