Dausa Crime News: राजस्थान के दौसा जिले में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने आश्रम एक्सप्रेस ट्रेन में कार्रवाई करते हुए शराब तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। आरपीएफ ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच बैगों में भरकर ले जाई जा रही 110 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब की खेप गुजरात ले जा रहा था। (Dausa Crime News)मामले के बाद पुलिस और आबकारी विभाग तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार देर शाम बांदीकुई क्षेत्र में आरपीएफ ने आश्रम एक्सप्रेस में सवार एक संदिग्ध यात्री की जांच की। आरोपी की पहचान गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले के मोटा टिमला निवासी 44 वर्षीय झालाचंद्र सेन के रूप में हुई है। उसके पास दिल्ली से अहमदाबाद तक का आरक्षित टिकट था।
तलाशी के दौरान आरपीएफ को आरोपी के पास दो ट्रॉली बैग और तीन अन्य बैग मिले। संदेह होने पर जब बैगों की जांच की गई तो उनमें विभिन्न ब्रांड की कुल 110 अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद हुईं। आरपीएफ ने शराब जब्त कर आरोपी को हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी निरोधक दल, बांदीकुई को सौंप दिया।
हाईवे से बचने के लिए चुना ट्रेन का रास्ता
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर लगातार बढ़ती निगरानी और कार्रवाई के कारण तस्करों ने अब ट्रेनों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने पकड़े जाने के जोखिम को कम करने के लिए ट्रेन के जरिए शराब गुजरात पहुंचाने की योजना बनाई थी।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी कब से इस अवैध कारोबार में शामिल था, शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
राजस्थान में ट्रेनों के जरिए शराब तस्करी का यह पहला मामला नहीं है। कुछ दिन पहले ही जयपुर जंक्शन पर आबकारी विभाग ने हरियाणा से ट्रेन के जरिए लाई जा रही 72 शराब की बोतलों के साथ दलीप नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।
इसके अलावा करीब पांच महीने पहले जोधपुर-साबरमती सुपरफास्ट एक्सप्रेस के टॉयलेट में बने वायर बॉक्स की प्लाई के भीतर छिपाकर लाई जा रही 48 अंग्रेजी शराब की बोतलें भी जब्त की गई थीं। इससे पहले रानीवाड़ा क्षेत्र में भी शराब की बड़ी खेप पकड़ी जा चुकी है।
लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के बाद रेलवे सुरक्षा बल और आबकारी विभाग ने ट्रेनों के जरिए होने वाली शराब तस्करी पर निगरानी बढ़ा दी है। जांच एजेंसियों का कहना है कि अंतरराज्यीय शराब तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
