Bhajanlal Sharma: उदयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गरीब, युवा, किसान और महिलाओं के समग्र विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम (Bhajanlal Sharma)विकास चौपाल जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार सीधे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को नई दिशा दे रही है।
उदयपुर जिले की झाड़ोल पंचायत समिति के ग्राम बीड़ा में आयोजित ग्राम विकास चौपाल को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तीकरण को नई पहचान दी है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, हर घर नल से जल और शौचालय निर्माण जैसी योजनाओं ने महिलाओं का जीवन आसान बनाया है। वहीं, राज्य सरकार बालिकाओं को साइकिल, स्कूटी और निःशुल्क यूनिफॉर्म उपलब्ध कराकर शिक्षा को बढ़ावा दे रही है।
गर्भवती महिलाओं को मा वाउचर
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के तहत महिलाओं को प्रति लीटर दूध पर 5 रुपये का अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा वृद्ध महिलाओं को सामाजिक सुरक्षा पेंशन और गर्भवती महिलाओं को मा वाउचर योजना का लाभ मिल रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजीविका से जुड़ी महिलाओं से संवाद भी किया। महिलाओं ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। किसी ने बकरी पालन से सालाना लाखों रुपये कमाए तो किसी ने बैंक सखी, पशु सखी, डेटा एंट्री और सिलाई कार्य के जरिए आर्थिक आत्मनिर्भरता हासिल की। कई महिलाओं ने बताया कि आज वे ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और अपने गांव की अन्य महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती ही ग्रामीण विकास की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य सरकार स्वयं सहायता समूहों, कौशल प्रशिक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सांसद मन्नालाल रावत, विधायक प्रताप लाल भील सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।