Bihar Assembly Elections 2025: बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसे लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रदेश पदाधिकारियों की नई टीम का ऐलान किया है।(Bihar Assembly Elections 2025) बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस नई टीम में कई नए चेहरों को मौका दिया है, जबकि कुछ पुराने और अनुभवी नेताओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।नई टीम में कुल 5 प्रदेश महामंत्री, 14 प्रदेश मंत्री, 13 प्रदेश उपाध्यक्ष, 1 प्रदेश कोषाध्यक्ष और 2 सह-कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं।
प्रमुख उपाध्यक्षों में सामाजिक संतुलन पर जोर
प्रदेश उपाध्यक्षों में राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता और विधान परिषद सदस्य प्रमोद कुमार चंद्रवंशी प्रमुख नाम हैं।
- धर्मशिला गुप्ता वैश्य समुदाय से आती हैं, जो पारंपरिक रूप से बीजेपी का मजबूत समर्थन आधार रहा है।
- प्रमोद चंद्रवंशी की नियुक्ति अति पिछड़ा वर्ग (EBC) में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की कोशिश मानी जा रही है।
दलित और संघ पृष्ठभूमि के नेताओं को भी जगह
पूर्व विधायक और दलित नेता बेबी कुमारी को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।इसके अलावा राजेंद्र सिंह को भी उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वे पूर्व आरएसएस प्रचारक रह चुके हैं। उन्होंने 5 साल पहले बीजेपी छोड़कर एलजेपी से चुनाव लड़ा था, लेकिन 2022 में पार्टी में वापसी कर ली थी।
बीजेपी ने जिन 5 नेताओं को प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है, उनमें पूर्व विधायक शिवेश राम शामिल हैं। वे पिछले लोकसभा चुनाव में सासाराम (अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सीट) से पार्टी प्रत्याशी थे। हालांकि यह सीट कांग्रेस के खाते में चली गई थी।
नई टीम में सामाजिक प्रतिनिधित्व का संतुलन
रिपोर्ट्स के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अपने दो दिवसीय बिहार दौरे के दौरान पार्टी नेताओं से बातचीत की थी। प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री ने संगठन में सभी सामाजिक वर्गों को समुचित प्रतिनिधित्व देने पर बल दिया था, जिसका असर नई टीम की घोषणा में साफ तौर पर दिख रहा है।पार्टी की नई टीम की पूरी सूची और नामों की जानकारी जल्द ही औपचारिक रूप से जारी की जाएगी।