
Bhutan : ऊंची पहाड़ियों में स्थित शिंताफू झील में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) होने के बाद भारत के पश्चिम बंगाल और असम के सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। झील टूटने से संकोश नदी में अचानक पानी का जलस्तर काफी बढ़ गया, जिससे पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले में तेजी से राहत कार्य शुरू करना पड़ा। जिला प्रशासन ने निचले इलाकों से करीब 10,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित शिविरों में स्थानांतरित कर दिया है। स्थिति पर नजर रखने और बचाव कार्यों के लिए राष्ट्रीय व राज्य आपदा मोचन बल (NDRF-SDRF) की टीमों को मौके पर तैनात किया गया है।
दूसरी ओर, पूर्वी तट पर तबाही मचाने वाला चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ कमजोर होकर कम दबाव के क्षेत्र में बदल चुका है, लेकिन इसके असर से देश के बड़े हिस्से में मानसूनी जैसी तूफानी बारिश का सिलसिला जारी है। ओडिशा के गंजाम, गजपति और कंधमाल जिलों में बाढ़ ने गंभीर रूप ले लिया है। गंजाम में ऋषिकुल्या नदी के उफान पर आने से करीब 300 गांवों का संपर्क टूट चुका है और दोनों जिलों को मिलाकर 62,000 से ज्यादा लोग पानी में फंसे हुए हैं। भारतीय वायुसेना और आपदा प्रबंधन की टीमों ने हवाई सर्वे के साथ हेलीकॉप्टर के जरिए लोगों को एयरलिफ्ट करना शुरू कर दिया है।
इस दोहरे मौसमी बदलाव के चलते मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली समेत देश के 14 राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश दर्ज की जा रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए इन राज्यों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी रखा है। बिन मौसम हो रही इस बारिश और ठंडी हवाओं से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बीते दिन अधिकतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री गिरकर 25.4°C पर आ गया, जो पिछले चार वर्षों में अक्टूबर का सबसे ठंडा दिन दर्ज किया गया।