लोकल खरीदें, देश को मजबूत बनाएं’! CM भजनलाल शर्मा ने हैंडलूम खरीदकर दिया खास संदेश

Bhajanlal Sharma
Bhajanlal Sharma: जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर जयपुर के एमआई रोड स्थित हैंडलूम स्टोर पहुंचकर विभिन्न उत्पाद खरीदे। (Bhajanlal Sharma)उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देशवासियों से किए गए आह्वान को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार के उपक्रम हैंडलूम स्टोर से खरीददारी कर ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर ‘वोकल फॉर लोकल’ के साथ हैंडलूम उत्पादों को प्रोत्साहित करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि हथकरघा उद्योग लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है। राजस्थान के विभिन्न जिलों में बनने वाले स्थानीय हैंडलूम उत्पाद देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचते हैं तथा बाडमेर से लेकर सांगानेर व बगरू के उत्पाद पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों में कारीगरों का परिश्रम और पसीना लगा है। हम सभी को उनके श्रम का सम्मान करते हुए स्थानीय उत्पादों को अपनाकर इन्हें आगे बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे अपने जीवन में ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना के साथ स्थानीय उत्पादों को खरीदें ताकि छोटे-छोटे कारीगर एवं दुकानदार आर्थिक रूप से सशक्त हो सकें एवं प्रदेश की समृद्ध धरोहर को नई पहचान मिले।
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट एवं पंच गौरव कार्यक्रम के माध्यम से प्रत्येक जिले के विशिष्ट उत्पादों को प्रोत्साहित कर रही है। इन कार्यक्रमों के जरिए स्थानीय संस्कृति एवं कला के साथ ही जिले की अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा मिल रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version