‘अरे तू खुद को बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का…’: जमशेदपुर में बाबा रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री पर साधा तीखा निशाना

झारखंड के जमशेदपुर स्थित एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में महिला पतंजलि योग समिति के महासम्मेलन को संबोधित करते हुए योग गुरु बाबा रामदेव ने धर्म और सनातन के नाम पर अंधविश्वास फैलाने वाले कथावाचकों को 'पाखंडी' और 'धूर्त' करार दिया। हाल ही में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना को लेकर उठे विवाद के बाद दिए गए इस बयान ने धार्मिक और सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।

योग गुरु बाबा रामदेव एक धार्मिक आयोजन के मंच पर बागेश्वर धाम के कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कंधे पर हाथ रखकर मुस्कुराते हुए।
जमशेदपुर में एक कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव द्वारा बिना नाम लिए अंधविश्वास फैलाने वाले कथावाचकों को 'पाखंडी' और 'धूर्त' कहे जाने के बाद दोनों धर्मगुरुओं के बयानों को लेकर नई चर्चा छिड़ गई है।

JAMSHEDPUR : झारखंड के जमशेदपुर में योग गुरु बाबा रामदेव ने आस्था के नाम पर अंधविश्वास और डर फैलाने वाले कथावाचकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में पतंजलि विश्वविद्यालय और महिला पतंजलि योग समिति के प्रांतीय महासम्मेलन को संबोधित करते हुए रामदेव ने ऐसे कथावाचकों को ‘बावला’, ‘पाखंडी’ और ‘धूर्त’ तक कह डाला। हालांकि, उन्होंने मंच से किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन उनके बयान की टाइमिंग ने इसे सीधे तौर पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जोड़ दिया है।

महासम्मेलन में बड़ी संख्या में मौजूद महिलाओं को संबोधित करते हुए बाबा रामदेव ने कहा कि कुछ लोगों ने न तो वेद पढ़े हैं, न उपनिषद, न रामायण और न ही महाभारत का उन्हें ज्ञान है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “उन्हें न लोकतंत्र पता है और न संविधान, बस बकवास करते हैं और कहते हैं कि हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। अरे तू खुद ही को बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त।”

रामदेव यहीं नहीं रुके। उन्होंने हाल ही में देवी-देवताओं की तुलना को लेकर हुए विवाद की ओर इशारा करते हुए कहा कि जो लोग यह कहते हैं कि राम महान हैं और कृष्ण ‘टेढ़े-मेढ़े’, और फिर विवाद बढ़ने पर माफी मांगकर बांकेबिहारी के दरबार में मत्था टेकते हैं, वे सनातन के नाम पर ढोंग नहीं कर सकते। गौरतलब है कि कुछ ही दिन पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना वाले बयान पर भारी नाराजगी जताई गई थी, जिसके बाद उन्हें सफाई और माफी जारी करनी पड़ी थी। इसके अलावा भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लगने वाले दरबारों पर भी रामदेव ने महिलाओं को सावधान रहने की नसीहत दी।

इस कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय भी मौजूद थे। मंच से रामदेव ने आम नागरिकों को उन नेताओं से भी सतर्क रहने को कहा जो चुनावी फायदे के लिए धर्म का इस्तेमाल करते हैं। धर्मगुरुओं के बीच छिड़ी इस जुबानी जंग ने अब सियासी और धार्मिक गलियारों में नई बहस को जन्म दे दिया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version