
JAIPUR : कांग्रेस में अब किसी बड़े पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले ‘क्लासरूम’ और ‘सेवा’ की परीक्षा पास करनी होगी। पार्टी ने 19 नवंबर को नियुक्त किए गए अपने 81 नए राष्ट्रीय सचिवों को अलग-अलग राज्यों में सह-प्रभारी बनाकर भेजने से पहले 10 दिनों की सख्त ट्रेनिंग देने का फैसला किया है। 30 नवंबर से 9 दिसंबर तक जयपुर से करीब 35 किलोमीटर दूर बाड़ा पदमपुरा में लगने वाले इस आवासीय शिविर में नेताओं को न सिर्फ चुनावी रणनीति सिखाई जाएगी, बल्कि विनम्रता का पाठ पढ़ाने के लिए उनसे फर्श पर झाड़ू लगवाने और बर्तन धुलवाने जैसे काम भी कराए जाएंगे।
शिविर का उद्घाटन 30 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे करेंगे, जबकि समापन सत्र में 9 दिसंबर को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के करीबी सहयोगी सचिन राव और उनकी टीम की देखरेख में चलने वाले इस कार्यक्रम में केसी वेणुगोपाल, मुकुल वासनिक, अजय माकन, पवन खेड़ा और सुप्रिया श्रीनेत जैसे वरिष्ठ नेता अलग-अलग सत्र लेंगे। शिविर में बूथ प्रबंधन, पार्टी की विचारधारा, सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल और मतदाताओं से सीधे संवाद की बारीकियां सिखाई जाएंगी। तैयारियों का जायजा लेने के लिए संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल 25 नवंबर के बाद जयपुर पहुंचेंगे।
बाड़ा पदमपुरा का यह केंद्र कांग्रेस के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है। इससे पहले साल 2003 में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की मौजूदगी में यहां तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ था। करीब 23 साल बाद पार्टी का शीर्ष नेतृत्व एक बार फिर इसी स्थान पर जुट रहा है।
नवनियुक्त 81 राष्ट्रीय सचिवों में 43 नए चेहरों को मौका दिया गया है। इनमें राजस्थान से छह नेता-हेम सिंह शेखावत, रेहाना रियाज, धीरज गुर्जर, डूंगरराम गेदर, दानिश अबरार और जगदीश जांगिड़ शामिल हैं। वहीं, हालिया बदलाव में सांसद संजना जाटव, पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा और विजय जांगिड़ को सचिव पद से मुक्त किया गया है।
इस शिविर की टाइमिंग भी बेहद अहम मानी जा रही है। राजस्थान के हालिया पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने सत्ताधारी भाजपा के मुकाबले बड़ी बढ़त दर्ज करते हुए पंचायत समिति की 3,701 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि भाजपा 2,211 सीटों पर रही। शहरी निकायों में पिछड़ने के बाद ग्रामीण इलाकों से मिली इस संजीवनी ने पार्टी का मनोबल बढ़ाया है। हालांकि, पार्टी नेतृत्व का मानना है कि महज पद बांटने से संगठन खड़ा नहीं होता-असली परीक्षा राज्यों के मैदान में होगी, जिसके लिए जयपुर के इस शिविर में एक नई कार्यसंस्कृति तैयार की जा रही है।