अहमदाबाद प्लेन क्रैश में बड़ा खुलासा, टेक्निकल फॉल्ट नहीं बल्कि जानबूझकर हरकत की आशंका!

5
Boeing 787 Dreamliner

Boeing 787 Dreamliner: अहमदाबाद। 12 जून 2025 को हुए एअर इंडिया बोइंग 787 ड्रीमलाइनर हादसे की जांच अब बेहद संवेदनशील मोड़ पर पहुंच गई है। इटली के प्रमुख अखबार Corriere della Sera की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जांचकर्ताओं को अब तक ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है जिससे हादसा किसी तकनीकी खराबी का नतीजा साबित हो। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से कहा गया है कि यह दुर्घटना कथित तौर पर ‘जानबूझकर की गई हरकत’ से जुड़ी हो सकती है।

हालांकि, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की आधिकारिक अंतिम ( Boeing 787 Dreamliner) रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है। ऐसे में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना फिलहाल जल्दबाजी माना जा रहा है।

फ्यूल कट-ऑफ बना जांच का अहम बिंदु

रिपोर्ट के मुताबिक, टेकऑफ के कुछ ही सेकंड बाद इंजन में फ्यूल कट-ऑफ की स्थिति बनी। शुरुआती जांच में इसे मैकेनिकल फेल्योर नहीं माना गया है। सूत्रों का दावा है कि भारतीय जांचकर्ता अब अपनी फाइनल रिपोर्ट का ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया में हैं।

जांच में सहयोग कर रहे अमेरिकी विशेषज्ञों ने भी इसे महत्वपूर्ण प्रगति बताया है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि से पहले इन दावों की स्वतंत्र सत्यता सामने आना बाकी है।

नई दिल्ली–वॉशिंगटन के बीच चर्चा

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इस मामले को लेकर नई दिल्ली और वॉशिंगटन के बीच उच्च स्तर पर बातचीत हुई है। चूंकि विमान बोइंग 787 ड्रीमलाइनर था और इसमें विदेशी नागरिक भी सवार थे, इसलिए जांच में अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की भूमिका अहम मानी जा रही है।

एअर इंडिया की यह फ्लाइट अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ सेकंड बाद ही क्रैश हो गई थी। विमान एक मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल परिसर पर गिरा, जिससे 260 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में यात्री, क्रू मेंबर और हॉस्टल में मौजूद छात्र शामिल थे। इस भयावह हादसे में केवल एक यात्री जीवित बच सका। यह त्रासदी देश की हालिया सबसे बड़ी विमान दुर्घटनाओं में गिनी जा रही है।

अब सबकी नजर फाइनल रिपोर्ट पर

फिलहाल जांच एजेंसियां अंतिम रिपोर्ट को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। आधिकारिक रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा तकनीकी त्रुटि, मानवीय गलती या किसी अन्य कारण का परिणाम था। तब तक इस मामले में उठ रहे सवाल और अटकलें जारी रह सकती हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here