Heavy Rainfall : भारत में मॉनसून के चलते अलग-अलग राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके कारण नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और बाढ़ जैसी स्थिति बन रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में आंधी-तूफान के (Heavy Rainfall )साथ तेज बारिश हो सकती है। खासतौर पर दिल्ली में अगले एक सप्ताह तक बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर हल्की बारिश होती रहेगी।
इन राज्यों में बाढ़ का गंभीर खतरा
लगातार हो रही बारिश के चलते देश के कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। असम, मेघालय, मिजोरम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, त्रिपुरा, कर्नाटक, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और गुजरात जैसे राज्यों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। हिमाचल प्रदेश इस समय सबसे अधिक प्रभावित राज्य है, जहां अब तक 105 लोगों की मौत हो चुकी है।
भूस्खलन और बादल फटने का भी खतरा
उत्तर प्रदेश और बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है, जबकि पहाड़ी राज्यों जैसे हिमाचल, उत्तराखंड, और जम्मू-कश्मीर में बादल फटने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। वहीं गोवा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और झारखंड में नदियां उफान पर हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले 24 घंटे में असम, सिक्किम, पश्चिम बंगाल, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
कई राज्यों में सामान्य से अधिक बारिश
कुछ राज्यों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है। झारखंड में अब तक 595.8 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 71% अधिक है। राजस्थान में 271.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। वहीं गुजरात में 388 मिमी वर्षा हुई है, जो सामान्य से 64% अधिक है।
किन राज्यों में बारिश सामान्य रही?
उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, गोवा, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, केरल, कर्नाटक, पुडुचेरी, तमिलनाडु, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अब तक सामान्य बारिश दर्ज की गई है।