Rajasthan Crime News : जयपुर। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर करीब दो करोड़ रुपये कीमत के स्कूटर पार्ट्स से भरे ट्रक की कथित लूट की कहानी महज 24 घंटे में पुलिस जांच के सामने बेनकाब हो गई। जिस ट्रक चालक ने खुद को बदमाशों का शिकार बताया था, पुलिस के मुताबिक वही पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार निकला। चालक ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर ट्रक (Rajasthan Crime News )और उसमें भरे माल को हड़पने की योजना बनाई थी।
पापड़दा थाना पुलिस ने मामले में परिवादी और ट्रक चालक माहिर आजाद को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर ट्रक नंबर PB13BF8707 को करीब दो करोड़ रुपये के स्कूटर पार्ट्स समेत हरियाणा के फिरोजपुर झिरका से बरामद कर लिया गया। पुलिस अब साजिश में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
चालक ने पुलिस को सुनाई थी लूट की कहानी
पुलिस के अनुसार, माहिर आजाद ने रिपोर्ट में बताया था कि वह 28 अगस्त को मुंबई से स्कूटर पार्ट्स लेकर जींद जा रहा था। 31 अगस्त की शाम वह आलूदा रेस्ट एरिया पर रुका। इसी दौरान दो युवक उसके पास आए और आगे तक छोड़ने की बात कही। आरोप है कि मना करने पर दोनों जबरन ट्रक में बैठ गए और उसके साथ मारपीट की।
चालक ने बताया कि बदमाशों ने करीब रात 10 बजे उसे पिलर नंबर 154 के पास हाथ-पैर बांधकर छोड़ दिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। बाद में उसने एक पिकअप चालक के मोबाइल से अपने भाई को सूचना दी।
CCTV और FASTag ने खोली पूरी पोल
घटना के बाद पुलिस ने रेस्ट एरिया और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। भांडारेज सहित अन्य टोल प्लाजा के रिकॉर्ड और ट्रक के FASTag डेटा की भी जांच की गई। जांच में सामने आया कि ट्रक रात करीब 10:58 बजे फिरोजपुर झिरका टोल पार कर चुका था।
तकनीकी साक्ष्यों और चालक के बयानों में अंतर मिलने पर पुलिस को संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ में कथित साजिश की परतें खुलती चली गईं।
दोस्तों-रिश्तेदारों के साथ मिलकर रची थी योजना
पुलिस के मुताबिक, माहिर आजाद ने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले से ट्रक को माल सहित हड़पने की योजना बनाई थी। उसके साथी आलूदा रेस्ट एरिया में पहले से मौजूद थे। योजना के तहत ट्रक को वहां से ले जाया गया और लूट की कहानी को सच दिखाने के लिए चालक के हाथ-पैर बांधकर उसे पिलर नंबर 154 के पास छोड़ दिया गया।
पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक बरामद कर लिया है। अब अन्य संदिग्ध आरोपियों की तलाश जारी है।
