POCSO case India: उत्तराखंड में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पिथौरागढ़ में महज 14 साल की लड़की ने एक बच्चे को जन्म दिया है। इससे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। पुलिस ने आरोपी लड़के के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में गत सोमवार को जिला अस्पताल में एक 14 साल की लड़की ने बच्चे को जन्म दिया। लड़का और लड़की दोनों मूल रूप से मुनस्यारी के रहने वाले हैं।(POCSO case India) दोनों की मुलाकात स्कूल में हुई थी। पिछले साल ही दोनों ने एक मंदिर में शादी की थी। इसके बाद दोनों पुणे में जाकर रहने लगे। वहीं लड़के ने एक प्राइवेट कंपनी में काम शुरू कर दिया। प्रसव पीड़ा होने पर ससुराल वाले लड़की को हॉस्पिटल ले गए। वहां डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना दी। मामले में पुलिस ने बताया कि POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी लड़का अभी पुणे में ही है। मुनस्यारी वापस नहीं लौटा है। लड़की के पिता पुणे में गार्ड के रूप में काम करते हैं। लड़की की मां परिवार छोड़कर चली गई थी। वह मुनस्यारी में अपनी सौतेली मां के साथ रह रही थी। शादी के बाद पुणे चली गई थी। बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह खाती ने कहा कि हमें सोमवार को इस मामले की जानकारी मिली और हम अस्पताल में बच्ची की हालत पर नजर रख रहे हैं। उसकी देखभाल के लिए व्यवस्था कर दी गई है।
