trump war statement: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक बड़ा बयान सामने आया है. एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने साफ किया है कि अमेरिकी सैन्य विमान के गिराए जाने का ईरान के साथ होने वाली राजनयिक बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा. जब उनसे पूछा गया कि क्या इस घटना से बातचीत में कोई रुकावट आएगी, तो उन्होंने दोटूक अंदाज में कहा, “नहीं, बिल्कुल नहीं. यह एक युद्ध है और हम अभी युद्ध के हालात में हैं.” यह पहली बार है जब अमेरिकी राष्ट्रपति ने संघर्ष (trump war statement)के दौरान अपने विमान के नुकसान पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बचाव अभियान की बारीकियों पर जानकारी देने से इनकार करते हुए मीडिया के कवरेज पर भी नाराजगी जताई है.
सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर करीबी
दूसरी ओर, ईरान ने अपनी सैन्य ताकत का दावा करते हुए हॉर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी ए-10 विमान को मार गिराने की बात कही है. अल जजीरा ने ईरानी न्यूज एजेंसी तस्नीम के हवाले से बताया कि यह विमान रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्ग के दक्षिणी हिस्से में निशाना बनाया गया था. हालांकि, इस दावे की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. ए-10 विमान मुख्य रूप से जमीनी हमलों और जमीनी सेना को करीबी हवाई सहायता देने के लिए डिजाइन किया गया है. इस दावे ने क्षेत्र में पहले से जारी सैन्य और राजनयिक खींचतान को और ज्यादा बढ़ा दिया है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर करीबी नजर रख रही हैं.
फिलहाल अमेरिकी हिरासत
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के ऊपर गिराए गए एक अमेरिकी एफ-15ई स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट के चालक दल के एक सदस्य को सुरक्षित बचा लिया गया है. वह सदस्य फिलहाल अमेरिकी हिरासत में है और उसका इलाज चल रहा है. हालांकि, विमान में मौजूद दूसरे सदस्य की किस्मत को लेकर अब भी सस्पेंस बना हुआ है और उसे खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है. ईरानी मीडिया द्वारा जारी मलबे की तस्वीरों के विश्लेषण से पुष्टि हुई है कि यह वही विमान है जो आमतौर पर दो लोगों की टीम द्वारा संचालित किया जाता है. खुज़ेस्तान प्रांत से सामने आए वीडियो फुटेज में विमानों के उड़ने के तरीके से यह स्पष्ट होता है कि उस वक्त वहां हवा में ईंधन भरने जैसा सैन्य अभ्यास चल रहा था.
दूसरी तरफ शांति की कोशिशें भी पटरी
एक तरफ जहाँ सीमा पर सैन्य नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ शांति की कोशिशें भी पटरी से उतरती दिख रही हैं. द वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, संघर्ष विराम के लिए होने वाली बातचीत फिलहाल रुक गई है क्योंकि ईरान ने तय चर्चाओं में शामिल होने से इनकार कर दिया है. अमेरिकी रक्षा विभाग और व्हाइट हाउस ने अभी तक पायलटों की स्थिति पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है, जबकि सोशल मीडिया पर विमान के मलबे की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं. इन तस्वीरों में विमान का पिछला हिस्सा दिख रहा है जो आरएएफ लेकनहीथ स्थित 494वें फाइटर स्क्वाड्रन का बताया जा रहा है. यह मौजूदा संघर्ष में ईरान के ऊपर किसी अमेरिकी विमान के गिरने की पहली बड़ी घटना है.
