RBI:अगर आप बैंक में चेक जमा करने के बाद दो दिन तक क्लियर होने का इंतजार करते हैं तो अब यह झंझट खत्म होने वाला है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अब चेक कुछ ही घंटों में क्लियर हो जाएगा। RBI ने अपने मौजूदा Cheque Truncation System (CTS) को अपडेट करते हुए अब उसे Continuous Clearing and Settlement on Realisation (CCSR) सिस्टम में बदलने का फैसला किया है। यह नया सिस्टम 4 अक्टूबर 2025 से लागू होगा।
क्या है बदलाव?
अभी तक बैंक में चेक जमा करने के बाद उसे क्लियर होने में 1–2 दिन लगते थे। लेकिन नए सिस्टम के तहत यह प्रक्रिया अब सिर्फ कुछ घंटों में पूरी हो जाएगी। RBI का कहना है कि नए सिस्टम को दो चरणों में लागू किया जाएगा। पहला चरण 4 अक्टूबर 2025 से 3 जनवरी 2026 तक, बैंक को चेक पर टिप्पणी देने के लिए शाम 7 बजे तक का समय मिलेगा। समय पर टिप्पणी न देने पर चेक स्वतः क्लियर माना जाएगा। दूसरा चरण 3 जनवरी 2026 के बाद से बैंक को चेक पर सिर्फ 3 घंटे में प्रतिक्रिया देनी होगी।
कैसे काम करेगा नया सिस्टम?
सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चेक जमा कराए जा सकते हैं। चेक प्राप्त करने वाला बैंक उसे स्कैन करके क्लियरिंग हाउस को भेजेगा। क्लियरिंग हाउस वह चेक राशि अदा करने वाले बैंक को भेजेगा। संबंधित बैंक को 3 घंटे के भीतर चेक को स्वीकार या अस्वीकार करना होगा। अगर बैंक कोई प्रतिक्रिया नहीं देता है, तो चेक को स्वीकृत माना जाएगा। आसान शब्दों में कहें तो मान लीजिए आपने सुबह 10:15 बजे चेक जमा किया। तो आपके चेक की पुष्टि संबंधित बैंक को दोपहर 1:15 बजे तक करनी होगी। अगर बैंक इस समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं देता, तो चेक को ऑटोमैटिक स्वीकृत मानकर प्रोसेस कर दिया जाएगा।
क्या फायदा होगा आम लोगों को?
- चेक क्लियरिंग में लगने वाला वेटिंग टाइम घटेगा।
- भुगतान में होगी तेजी और पारदर्शिता।
- फ्रॉड की आशंका होगी कम।
- बिजनेस और पर्सनल दोनों तरह के ट्रांजेक्शन होंगे तेज।
