रविन्द्र सिंह भाटी ने श्रमिक परिवार को दिए 10 लाख रुपये, फिर गिरल धरनास्थल पहुंचकर कही बड़ी बात

Ravindra Singh Bhati

Ravindra Singh Bhati: शिव/बाड़मेर। शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने शनिवार को जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए स्वर्गीय श्रमिक जैसाराम मेघवाल के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में (Ravindra Singh Bhati)हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान विधायक कोष से स्वीकृत 10 लाख रुपये की सहायता राशि का स्वीकृति पत्र भी परिवार को सौंपा गया।

जैसाराम मेघवाल के निवास पर पहुंचे विधायक भाटी ने परिवार के सदस्यों से आत्मीय संवाद किया और कहा कि परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खोया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र और वे स्वयं परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने भविष्य में भी किसी भी आवश्यकता पर हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर मौजूद क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और मानवीय पहल की सराहना की। लोगों ने इसे समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और जनसेवा की भावना का प्रतीक बताया।

भाटी गिरल धरनास्थल

इसके बाद विधायक रविन्द्र सिंह भाटी गिरल धरनास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने आंदोलनरत श्रमिकों से मुलाकात कर उन्हें लंबे संघर्ष की सफलता पर बधाई दी। उल्लेखनीय है कि गिरल लिग्नाइट माइन्स के श्रमिक अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलन कर रहे थे। शुक्रवार देर रात प्रशासन, श्रमिक यूनियन और अधिकारियों के बीच हुई वार्ता में सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन का सकारात्मक समाधान निकल सका।

श्रमिकों को संबोधित करते हुए भाटी ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि श्रमिकों की एकजुटता, धैर्य और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने श्रमिक हितों की रक्षा के लिए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। वहीं श्रमिकों ने आंदोलन के दौरान मिले समर्थन के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version