महिला सुरक्षा पर राजस्थान पुलिस का मेगा अभियान! 2,398 स्कूल और 538 कॉलेजों तक पहुंचा सुरक्षा संदेश

Rajasthan Police

Rajasthan Police: जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजस्थान राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प” अभियान के चतुर्थ सप्ताह में प्रदेशभर में महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं जनसहभागिता को लेकर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत राजस्थान पुलिस ने स्कूलों, महाविद्यालयों तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से हजारों युवाओं और हितधारकों तक पहुंचकर महिला सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता का संदेश दिया। सभी जिलों के(Rajasthan Police) पुलिस अधीक्षकों द्वारा छात्र-छात्राओं एवं युवाओं के साथ ऑनलाइन संवाद, जागरूकता कार्यशालाओं तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय बैठकों का आयोजन किया गया।

2,936 शिक्षण संस्थानों में जागरूकता, 2.70 लाख विद्यार्थी हुए लाभान्वित

अभियान की नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कम्युनिटी पुलिसिंग) सुनीता मीना ने बताया कि चतुर्थ सप्ताह के दौरान प्रदेशभर के 2,398 विद्यालयों एवं 538 महाविद्यालयों में ऑनलाइन जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जिनमें 2,70,075 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यशालाओं में महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, गुड टच-बैड टच, महिला अधिकार, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन सेवाएं तथा राजकॉप सिटीजन ऐप के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।

कोटपूतली, चित्तौड़गढ़ और झालावाड़ रहे सबसे आगे

‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के चतुर्थ सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ऑनलाइन कार्यशालाओं में प्रदेशभर के विद्यार्थियों ने रिकॉर्ड संख्या में भाग लिया, जिसमें विभिन्न जिलों का उल्लेखनीय प्रदर्शन रहा। जिलावार आंकड़ों के अनुसार कोटपूतली जिला 74 विद्यालयों व 11 महाविद्यालयों से सर्वाधिक 21,580 विद्यार्थियों को जोड़कर शीर्ष पर रहा, जबकि चित्तौड़गढ़ में 344 विद्यालयों व 6 कॉलेजों से 23,200 विद्यार्थियों औऱ झालावाड़ में 242 विद्यालयों व 12 कॉलेजों के 17,778 विद्यार्थियों, कोटा शहर के 14,531 तथा उदयपुर के 14,563 विद्यार्थियों को सुरक्षा, अधिकारों और ‘गुड टच-बैड टच’ के प्रति जागरूक किया गया।
शैक्षणिक संस्थानों की कुल संख्या के मामले में झुंझुनूं जिला सबसे आगे रहा, जहाँ सर्वाधिक 117 विद्यालयों और 85 महाविद्यालयों के 4,823 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया; इसके साथ ही पाली में 13,751, बांसवाड़ा में 13,420 तथा राजसमंद में 8,762 विद्यार्थियों ने इन ऑनलाइन कार्यशालाओं में भाग लेकर आत्मरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी प्राप्त की।

समन्वय बैठकों में महिला सुरक्षा को लेकर बनी कार्ययोजना

अभियान के अंतर्गत महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं अन्य स्टेकहोल्डर्स के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में महिला सुरक्षा कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, पीड़ित सहायता तंत्र को सुदृढ़ करने, त्वरित पुलिस कार्रवाई, साइबर सुरक्षा जागरूकता, महिला हेल्पलाइन तथा राजकॉप सिटीजन ऐप के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।

महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और विश्वासपूर्ण वातावरण तैयार करना है। राजस्थान पुलिस समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से महिला सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आगामी चरणों में भी नवाचार आधारित गतिविधियों और व्यापक जनसहभागिता के माध्यम से महिला सुरक्षा का संदेश प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version