Rajasthan Weather: राजस्थान में ठंड लगातार तेज होती जा रही है। शेखावटी क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है, जहां कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। इससे आमजन को कड़ाके की सर्दी का सामना करना पड़ा।
फतेहपुर में रात का तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पूरे प्रदेश का सबसे कम तापमान रहा। नागौर और बीकानेर के कई हिस्सों में भी तापमान 4 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ, (Rajasthan Weather)जिससे सुबह और देर रात में ठिठुरन महसूस की गई।
पूर्वी राजस्थान में गर्मी, बाड़मेर सबसे गर्म
इसके विपरीत, पूर्वी राजस्थान में मौसम अलग ही रूप दिखा रहा है। चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री रहा, जबकि पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर में पारा 30.2 डिग्री तक पहुंच गया। दिन में धूप से थोड़ी राहत है, पर रात का तापमान लगातार गिर रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार सुबह 08:30 बजे तक राज्य के अधिकांश भागों में न्यूनतम आर्द्रता 36% और अधिकतम 100% दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि साफ आसमान और उत्तरी हवाएं ठंड को और बढ़ा रही हैं।
कई जगह छाएंगे बादल
एक नए कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते आगामी 2–3 दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि, राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम पूरी तरह शुष्क रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में 2–3 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे शीतलहर से कुछ राहत मिल सकती है।
