किसके हाथ आएगी राजस्थान क्रिकेट की कमान? 29 सितंबर को होगा फैसला, चुनावी कार्यक्रम हुआ जारी

RCA Election

RCA Election: राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) के चुनाव को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट की जयपुर पीठ से बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से जारी प्रशासनिक गतिरोध और कानूनी प्रक्रिया के बीच आखिरकार RCA चुनाव की तारीख तय कर दी गई है। हाईकोर्ट में पेश किए गए आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, राजस्थान (RCA Election)क्रिकेट संघ के प्रबंध समिति के चुनाव 29 सितंबर 2026 को संपन्न कराए जाएंगे।

यह चुनावी कार्यक्रम हाईकोर्ट द्वारा नियुक्त प्रशासक और राज्य के वरिष्ठ IAS अधिकारी भास्कर ए सावंत की ओर से अदालत के समक्ष पेश किया गया। प्रशासक की तरफ से एडवोकेट रवि भोजक ने हाईकोर्ट में पूरा शेड्यूल प्रस्तुत किया, जिसके बाद RCA में चुनावी प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। हाईकोर्ट में पेश की गई कार्ययोजना के तहत चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का खाका तैयार किया गया है।

ऐसा रहेगा चुनाव कार्यक्रम

– 7 सितंबर 2026 – चुनाव कार्यक्रम और जनरल मीटिंग का नोटिस जारी

– 12 से 16 सितंबर – मतदाता सूची पर आपत्तियां

– 16 से 21 सितंबर- निर्वाचन अधिकारी के समक्ष आपत्तियों की सुनवाई

– 23 सितंबर – अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

– 24 सितंबर – नामांकन दाखिल

– 25 सितंबर -नामांकन पत्रों की जांच

– 25 सितंबर – पात्र उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन

– 28 सितंबर – नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख

– 29 सितंबर – आवश्यकता होने पर मतदान

– 29 सितंबर – चुनाव परिणाम घोषित

प्रशासक ने संभाली थी कमान

इससे पहले राजस्थान हाईकोर्ट की एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा की अगुवाई वाली खंडपीठ ने RCA में बिना चुनाव कराए चल रही एडहॉक कमेटी को निलंबित कर दिया था। कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए सावंत को RCA का प्रशासक नियुक्त किया था और उन्हें 3 महीने के भीतर चुनाव प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए थे।

हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासक सावंत ने सभी 33 जिला क्रिकेट संघों के साथ समन्वय बनाकर चुनाव की तैयारी पूरी की और समयबद्ध तरीके से चुनावी शेड्यूल तैयार कर अदालत को सूचित कर दिया।

जिला संघों में बढ़ी राजनीतिक हलचल

RCA चुनाव की तारीख तय होने के साथ ही प्रदेश के क्रिकेट गलियारों और जिला क्रिकेट संघों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। नए अध्यक्ष और कार्यकारिणी के सदस्यों के चयन को लेकर विभिन्न समूहों में लामबंदी शुरू हो गई है। 29 सितंबर को होने वाले इस चुनाव के बाद राजस्थान क्रिकेट संघ को नई और नियमित निर्वाचित समिति मिल जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version