विकास की चकाचौंध में कहीं गुम न हो जाए तीर्थराज पुष्कर की विरासत

राजस्थान सरकार ने तीर्थराज पुष्कर को 'क्लीन एंड ग्रीन इको सिटी' बनाने का विजन पेश किया है। ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर से लेकर सरोवर के घाटों तक करोड़ों के विकास कार्य प्रस्तावित हैं, लेकिन सालाना सवा करोड़ से ज्यादा पर्यटकों की भीड़ के बीच पर्यावरण और आस्था की मर्यादा बचाए रखना प्रशासन के लिए असली चुनौती होगी।

पुष्कर के प्रसिद्ध ब्रह्मा मंदिर में पूजा-अर्चना करते राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।
पुष्कर स्थित विश्व प्रसिद्ध जगतपिता ब्रह्मा मंदिर में दर्शन व पूजा-अर्चना करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा।

JAIPUR : राजस्थान सरकार ने तीर्थराज पुष्कर को आधुनिक सुविधाओं से लैस ‘क्लीन एंड ग्रीन इको सिटी’ के रूप में विकसित करने का खाका खींचा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विजन के तहत ब्रह्मा मंदिर कॉरिडोर, पुष्कर सरोवर के घाटों और पारंपरिक परिक्रमा मार्ग के कायाकल्प की तैयारी चल रही है। प्रशासन का दावा है कि इस योजना से पुष्कर की पौराणिक पहचान और मजबूत होगी, लेकिन असल परीक्षा धरातल पर इसके क्रियान्वयन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर होनी है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, पुष्कर और आसपास के इलाकों में सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण पर अब तक 42 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा चुके हैं। इसमें पुष्कर-बड़ी घाटी सड़क, सूरजकुंड योजना के पहले चरण में 15.11 करोड़ रुपये के कार्य, मोतीसर मार्ग और सावित्री मंदिर मार्ग के काम शामिल हैं। इसके अलावा 80 लाख रुपये से सरोवर के पास उच्चस्तरीय पुल की मरम्मत, 1.33 करोड़ रुपये से स्वागत द्वार का निर्माण और सावित्री माता मंदिर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के लिए 50 करोड़ रुपये के कार्यों को मंजूरी दी गई है। वहीं, अजमेर से नागौर जिले की सीमा तक भादून होते हुए 25 करोड़ रुपये की लागत से स्टेट हाईवे का काम भी प्रस्तावित है।

शहर में बढ़ती पर्यटकों की संख्या इन तैयारियों की वजह भी है। साल 2023 में जहां 76.42 लाख घरेलू पर्यटक पुष्कर आए थे, वहीं 2025 में यह आंकड़ा 1.32 करोड़ के पार पहुंच गया। 2025 में 68,327 विदेशी मेहमान भी यहां पहुंचे, जबकि 2026 में अगस्त तक 70.88 लाख से अधिक घरेलू और 31,459 विदेशी पर्यटक आ चुके हैं।

इस बीच, 17 से 24 नवंबर तक चलने वाले अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले का ध्वजारोहण के साथ आगाज हो चुका है। मेले में ऊंट-घोड़ा नृत्य, पारंपरिक ग्रामीण खेलों में विदेशी पर्यटकों की भागीदारी, सरोवर पर महाआरती-दीपदान और 20 नवंबर से शिल्पग्राम में शुरू होने वाला फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल मुख्य आकर्षण रहेंगे।

बुनियादी ढांचे के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप-जिला अस्पताल और नगरपालिका को नगर परिषद में क्रमोन्नत किया गया है। साथ ही नए न्यायालय, राजकीय आवासीय वेद विद्यालय और कॉलेज में विज्ञान व दर्शनशास्त्र संकाय शुरू किए गए हैं।

हालांकि, जानकारों का मानना है कि केवल चौड़ी सड़कों और भव्य कॉरिडोर से पुष्कर विश्वस्तरीय नहीं बन सकता। करोड़ों की भीड़ के दबाव के बीच ठोस कचरा प्रबंधन, सीवरेज ट्रीटमेंट, अवैध निर्माण पर रोक और पवित्र सरोवर की स्वच्छता सबसे बड़ी चुनौती है। विकास की यह योजना तभी सार्थक मानी जाएगी, जब आधुनिकता के साथ पुष्कर की आध्यात्मिक मर्यादा और स्थानीय लोगों का जीवन स्तर भी सुरक्षित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version