ऑपरेशन त्रिनेत्र का बड़ा प्रहार: नशा तस्कर शोयब खान के 70 लाख के आलीशान मकान पर जड़ा ताला

सफेमा (SAFEMA) कोर्ट की मुहर के बाद अरनोद पुलिस ने देवल्दी गांव में चस्पा किया फ्रीजिंग बोर्ड; 6 गंभीर मामलों में वांछित हिस्ट्रीशीटर अब भी फरार।

प्रतापगढ़ के देवल्दी गांव में हिस्ट्रीशीटर नशा तस्कर शोयब खान के 70 लाख के मकान के बाहर फ्रीजिंग बोर्ड लगाकर खड़ी अरनोद थाना पुलिस की टीम।
प्रतापगढ़ के देवल्दी गांव में नशा तस्कर शोयब खान के अवैध कमाई से बने मकान पर फ्रीजिंग बोर्ड चस्पा करने के बाद मौके पर मौजूद अरनोद पुलिस टीम।

JAIPUR : नशे के काले कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए प्रतापगढ़ पुलिस ने तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने की बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर और कुख्यात नशा तस्कर शोयब खान पठान के करीब 70 लाख रुपये की कीमत वाले आलीशान मकान को फ्रीज कर दिया है।

पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर अरनोद थाना पुलिस ने देवल्दी गांव पहुंचकर यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आबादी भूमि पर बना यह भव्य मकान ब्राउन शुगर और एमडी (मेफेड्रोन) की तस्करी से जुटाई गई काली कमाई से खड़ा किया गया था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68F के तहत 26 अक्टूबर को संपत्ति फ्रीज करने का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक (SAFEMA), नई दिल्ली को भेजा था। दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद 20 नवंबर को सफेमा कोर्ट ने इस आदेश पर मुहर लगा दी, जिसके अगले ही दिन पुलिस ने मकान पर सरकारी फ्रीजिंग बोर्ड चस्पा कर दिया। अब इस संपत्ति को न तो बेचा जा सकेगा और न ही किसी के नाम हस्तांतरित किया जा सकेगा।

देवल्दी निवासी शोयब खान साल 2013 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 6 गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनका कोर्ट में ट्रायल चल रहा है। सितंबर 2019 में धोलापानी पुलिस उसे 230 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार भी कर चुकी है। इस ताजा कार्रवाई की कड़ी जुलाई 2026 में जुड़ी, जब अरनोद पुलिस ने भावगढ़ फांटा पर नाकाबंदी के दौरान मंदसौर निवासी मेहमूद खान को 12 ग्राम एमडी के साथ पकड़ा था। पूछताछ में उसने यह खेप शोयब से खरीदने की बात कबूली थी, जिसके बाद से ही शोयब फरार चल रहा है।

यह पूरी कार्रवाई एसपी विशाल जांगिड़ के निर्देशन, एएसपी जयदेव सियाग और सीओ चंद्रशेखर पालीवाल के मार्गदर्शन में अरनोद थानाधिकारी शिवलाल मीणा की टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि नशे की अवैध कमाई से खड़े किए गए साम्राज्य को ध्वस्त करने का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और फरार आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version