भजनलाल शर्मा,मुख्यमंत्री
PM Modi 12 Yearst: भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में गत 12 वर्ष एक परिवर्तनकारी युग रहे हैं। यह कालखंड राष्ट्रीय परिवर्तन का पर्याय बन गया है। मई 2014 से प्रारंभ हुई यह यात्रा आज विश्वास, विकास और जनकल्याण की एक ऐसी गाथा बन चुकी है, जिसने भारत को नई ऊर्जा, नई पहचान और नए आत्मविश्वास से भर दिया है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार के सफल 12 वर्ष 140 करोड़ भारतीयों के सपनों, आकांक्षाओं और विश्वास की विजय के प्रतीक हैं। इन 12 वर्षों में भारत ने (PM Modi 12 Years) गरीब कल्याण से लेकर वैश्विक नेतृत्व तक, डिजिटल क्रांति से लेकर आधारभूत संरचना के अभूतपूर्व विस्तार तक, आत्मनिर्भरता से लेकर सांस्कृतिक पुनर्जागरण तक अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां अर्जित की हैं।
मोदी जी ने शासन को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और जनभागीदारी का अभियान बनाया। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” का मंत्र आज देश के विकास का आधार बन चुका है। उन्होंने विकास के केंद्र में गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को रखा है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से आज 80 करोड़ से अधिक लोगों को प्रतिमाह निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घरों की स्वीकृति मिली है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 11 करोड़ से अधिक शौचालयों के निर्माण से 60 करोड़ से अधिक लोगों को खुले में शौच की विवशता से मुक्ति मिली।
उज्ज्वला योजना के माध्यम से 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए गए। यह करोड़ों माताओं-बहनों के स्वास्थ्य, सम्मान और जीवन की गुणवत्ता में सुधार का अभियान बना। प्रधानमंत्री जनधन योजना ने वित्तीय समावेशन का नया अध्याय लिखा है। आज देश में 55 करोड़ से अधिक जनधन खाते खुल चुके हैं। इन खातों में 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि जमा है।
जनधन, आधार और मोबाइल की त्रिशक्ति ने शासन व्यवस्था में पारदर्शिता का नया युग प्रारंभ किया। डीबीटी के माध्यम से अब तक 40 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंचाई गई है। इससे भ्रष्टाचार, बिचौलियों और फर्जी लाभार्थियों की व्यवस्था पर प्रभावी अंकुश लगा है।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना
मोदी जी ने डिजिटल तकनीक को सामाजिक परिवर्तन का साधन बनाया। यूपीआई के माध्यम से प्रतिमाह 18 अरब डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं और भारत विश्व का सबसे बड़ा रियल-टाइम डिजिटल भुगतान करने वाला बन चुका है।
भारत की आत्मा गांवों और किसानों में बसती है। भारतनेट परियोजना के माध्यम से 2 लाख से अधिक ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा गया है। डिजिटल शिक्षा, ई-गवर्नेंस, टेलीमेडिसिन और ऑनलाइन सेवाओं ने गांव और शहर के बीच की दूरी को कम किया है।
प्रधानमंत्री ने किसानों को सम्मान और सुरक्षा दोनों प्रदान करने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत 11 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 3.75 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जा चुकी है। फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर रिकॉर्ड खरीद ने किसानों को आर्थिक मजबूती प्रदान की है।
महिलाओं को विकास की साझेदार
मोदी जी ने महिलाओं को विकास की साझेदार बनाया है। आज 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के जनधन खाते हैं। देश की 3 करोड़ से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ अभियान से जुड़कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं।महिलाओं को सेना में स्थायी कमीशन, मातृत्व सुरक्षा, शिक्षा और स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर उन्हें सशक्त बनाने हेतु ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
राष्ट्रव्यापी निशुल्क टीकाकरण
आयुष्मान भारत योजना विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है। इसके अंतर्गत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य कवरेज प्राप्त हुआ है। देश में 19 हजार से अधिक जनऔषधि केंद्रों के माध्यम से सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। कोविड सहित राष्ट्रव्यापी निशुल्क टीकाकरण एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल कॉलेजों और सीटों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है।पिछले 12 वर्षों को भारत के आधारभूत संरचना विकास का स्वर्णिम काल कहा जा सकता है। राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई लगभग 91 हजार किलोमीटर से बढ़कर 1.5 लाख किलोमीटर से अधिक हो चुकी है। एक्सप्रेस-वे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है।
रेलवे में रिकॉर्ड विद्युतीकरण हुआ है। हजारों किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए गए हैं। देशभर में 164 वंदे भारत और नमो भारत ट्रेनें आधुनिक भारत की गति और प्रगति का प्रतीक बन चुकी हैं। विश्व का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज चिनाब रेल पुल भारत की इंजीनियरिंग क्षमता का गौरवशाली उदाहरण है। देश के 26 शहरों में 1,100 किलोमीटर से अधिक मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा चुका है।जीएसटी स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा कर सुधार सिद्ध हुआ है। ‘मेक इन इंडिया’ और उत्पादन आधारित प्रोत्साहन योजनाओं ने विनिर्माण क्षेत्र को नई गति प्रदान की है। मोबाइल फोन निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात और रक्षा उत्पादन में भारत ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। रक्षा निर्यात वर्ष 2014 के लगभग 700 करोड़ रुपये से बढ़कर 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अपनी सांस्कृतिक विरासत को नए आत्मविश्वास के साथ विश्व के सामने प्रस्तुत किया है। अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर, महाकाल लोक और केदारनाथ धाम का पुनर्विकास भारतीय संस्कृति के गौरवशाली पुनर्जागरण के प्रतीक हैं।
यह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय गौरव के सशक्त माध्यम भी हैं।
आज भारत केवल विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्ति नहीं, बल्कि वैश्विक नेतृत्व का केंद्र भी बन रहा है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन जैसी पहलें और वैश्विक मुद्दों पर प्रभावशाली भूमिका इसकी पुष्टि करती हैं। पिछले दशक में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
इन राष्ट्रीय उपलब्धियों के साथ राजस्थान को भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अभूतपूर्व विकास की सौगातें मिली हैं। आज राजस्थान विकास, निवेश, ऊर्जा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो रहा है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में अनेक ऐतिहासिक परियोजनाएं आकार ले रही हैं।
हाल ही में राजस्थान को 92,496 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। इनमें 79,459 करोड़ रुपये की एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी और 13,037.66 करोड़ रुपये की जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना उल्लेखनीय हैं। पचपदरा में विकसित हो रही 9 मिलियन मीट्रिक टन क्षमता वाली रिफाइनरी अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करेगी। वहीं जयपुर मेट्रो फेज-2 राजधानी की परिवहन व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव लाएगी।
माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना
सितंबर 2025 में प्रधानमंत्री मोदी ने माही-बांसवाड़ा परमाणु ऊर्जा परियोजना सहित एक लाख आठ हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शुभारंभ किया। यह परियोजना राजस्थान की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास को नई मजबूती प्रदान करेगी। आज राजस्थान सौर ऊर्जा उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है और भड़ला सौर पार्क विश्व के सबसे बड़े सौर ऊर्जा पार्कों में शामिल है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। यह मोदी जी की विकासोन्मुख नीतियों और राजस्थान में बढ़ते निवेशक विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
जल प्रबंधन के क्षेत्र में भी ऐतिहासिक उपलब्धियां प्राप्त हुई हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत केंद्र सरकार ने हाल ही में 4,800 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराई है। रामजल सेतु लिंक परियोजना के माध्यम से 17 जिलों के लगभग 3.25 करोड़ लोगों को पेयजल और सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। चंबल नदी पर 2,330 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 2,280 मीटर लंबा रामजल सेतु प्रदेश की जल सुरक्षा का नया अध्याय लिख रहा है।
यमुना जल समझौते को आगे बढ़ाकर मोदी जी ने शेखावाटी क्षेत्र की दशकों पुरानी जल समस्या के समाधान का मार्ग प्रशस्त किया है। सीकर, झुंझुनूं और चूरू जिलों के लगभग तीन लाख किसानों को इसका लाभ मिलेगा।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे
भारतमाला परियोजना और दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे के माध्यम से राजस्थान में सड़क संपर्क का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। राज्य के प्रमुख रेल मार्गों का विद्युतीकरण, दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात, अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण तथा जयपुर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, किशनगढ़ और जैसलमेर हवाई अड्डों का विस्तार राजस्थान को विकास के नए मानचित्र पर स्थापित कर रहा है।
आज राजस्थान की हजारों ग्राम पंचायतें भारतनेट परियोजना से जुड़ चुकी हैं। डिजिटल कनेक्टिविटी, ई-गवर्नेंस और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंच रहा है। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने राजस्थान के लाखों परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष भारत के आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और समावेशी विकास के वर्ष रहे हैं। यह यात्रा केवल योजनाओं और परियोजनाओं की नहीं, बल्कि जनविश्वास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा है।
“विकसित भारत-2047”
आज जब देश “विकसित भारत-2047” के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब इन 12 वर्षों की उपलब्धियां उसकी मजबूत आधारशिला के रूप में हमारे सामने हैं।विश्वास के 12 वर्ष, विकास के 12 वर्ष, जनकल्याण के 12 वर्ष यही नए भारत की पहचान है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत आने वाले वर्षों में विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपना स्थान सुदृढ़ करेगा।
राजस्थान की 8 करोड़ जनता की ओर से मैं प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देता हूं। उनका दूरदर्शी नेतृत्व, राष्ट्र प्रथम का संकल्प और सेवा के प्रति समर्पण विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने की प्रेरक शक्ति बना रहेगा।
