Kedarnath helicopter crash: उत्तराखंड में रविवार को हुए हेलिकॉप्टर हादसे में शहीद हुए जयपुर निवासी पायलट और रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल राजवीर सिंह चौहान की मंगलवार को अंतिम यात्रा निकाली गई। इस अंतिम यात्रा में उनकी पत्नी लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका चौहान और (Kedarnath helicopter crash) राजस्थान सरकार में मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ भी शामिल हुए। राठौड़ ने कहा कि राजवीर बहुत कम उम्र में हमसे विदा हो गए।
वर्दी में पति की तस्वीर लेकर पहुंचीं लेफ्टिनेंट कर्नल दीपिका
राजवीर सिंह की पत्नी दीपिका खुद भी सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल के पद पर तैनात हैं। अंतिम यात्रा के दौरान वह वर्दी में पहुंचीं और अपने पति की तस्वीर को हाथ में थामे हुई थीं। इस दौरान उनकी आंखें नम थीं। राजवीर हाल ही में जुड़वा बच्चों के पिता बने थे।
राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने दी श्रद्धांजलि
जयपुर के शास्त्री नगर में हुए अंतिम संस्कार के दौरान मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा, “मैं उन्हें श्रद्धांजलि देने आया हूं, वह इतनी कम उम्र में हमें छोड़कर चले गए। उनकी तारीफ सुनकर गर्व महसूस हो रहा है। ऐसे वीर सैनिक को मेरा नमन है।” उन्होंने आगे कहा, “उनकी मां ने ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। ऐसी माताओं की वजह से ही हमारा भारत मजबूत है।”
15 साल तक सेना में दी सेवा
राजवीर सिंह ने भारतीय सेना में 15 साल से अधिक समय तक सेवाएं दीं। उन्हें विभिन्न ऑपरेशनल फ्लाइंग मिशनों का अनुभव था। रविवार को केदारनाथ के पास एक निजी हेलिकॉप्टर हादसे में राजवीर समेत कुल 7 लोगों की मौत हो गई।
37 वर्षीय राजवीर सिंह पिछले साल अक्टूबर में आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड से बतौर पायलट जुड़े थे। वह जयपुर के शास्त्री नगर के निवासी थे। हादसे की जानकारी उनके सहयोगी ने राजवीर के पिता गोविंद सिंह को दी।
नेताओं ने जताया शोक
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने हादसे पर गहरा शोक जताया है। राज्यपाल बागडे ने ईश्वर से सभी मृतकों की आत्मा की शांति और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।