जितेश कटारा की वापसी! क्या भाजपा और कांग्रेस के समीकरण में आएगा बड़ा बदलाव?

BAP: भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने सलूंबर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार की घोषणा की है। एक बार फिर जितेश कटारा को मैदान में उतारा गया है, जिन्होंने 2023 विधानसभा चुनाव में हार का सामना किया था। BAP के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहनलाल रोत की अनुशंसा पर प्रदेश अध्यक्ष रमेश मईडा ने इस निर्णय की पुष्टि की है। जितेश कटारा, जो बीएपी के सामाजिक विंग के सक्रिय कार्यकर्ता हैं, अब सलूंबर की जनता के बीच अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने के लिए तैयार हैं।

भारत आदिवासी पार्टी (BAP) ने सलूंबर विधानसभा उपचुनाव के लिए एक बार फिर जितेश कटारा पर भरोसा जताया है। 2023 विधानसभा चुनावों में उन्हें 51 हजार वोट मिले थे और वह तीसरे स्थान पर रहे थे। अब पार्टी ने उन्हें फिर से मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। यह सीट भाजपा विधायक अमृतलाल मीणा के निधन के बाद खाली हुई है, जिन्होंने पिछले चुनाव में 80,086 वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी।

प्रदेश में 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की तैयारी

प्रदेश में कुल 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं, जिनमें से 2 सीटों पर भारत आदिवासी पार्टी चुनाव लड़ेगी। सलूंबर सीट पर प्रत्याशी की घोषणा के बाद अब डूंगरपुर जिले की चौरासी विधानसभा सीट पर भी जल्द ही प्रत्याशी की घोषणा की जाएगी। चौरासी सीट से राजकुमार रोत 2 बार विधायक रह चुके हैं, लेकिन अब उनके सांसद बनने के बाद यहां उपचुनाव हो रहे हैं।

BAP दोनों ही सीटों पर भाजपा और कांग्रेस को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार है। बता दें कि प्रदेश की 7 विधानसभा सीटों के लिए 13 नवंबर को वोट डाले जाएंगे, जबकि मतगणना 23 को होगी। हालांकि, अभी तक कांग्रेस और भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। बदले हुए समीकरणों में आदिवासी इलाके में भाजपा पहले से और मजबूत हुई है, जिससे इस सीट पर चुनौती और बढ़ गई है। बीजेपी को सहानुभूति फैक्टर से भी उम्मीद है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version