Cell Broadcast Service: नई दिल्ली। देशभर में आपदा और आपातकालीन स्थितियों के दौरान लोगों तक तत्काल चेतावनी पहुंचाने के लिए शुरू की गई सेल ब्रॉडकास्ट सर्विस (CBS) को फिलहाल अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने इस संबंध (Cell Broadcast Service)में एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि यह फैसला एहतियात के तौर पर लिया गया है और अगले आदेश तक यह व्यवस्था बंद रहेगी।
क्या थी सेल ब्रॉडकास्ट सर्विस?
सेल ब्रॉडकास्ट सर्विस के जरिए किसी भी क्षेत्र में मौजूद मोबाइल यूजर्स को एक साथ आपातकालीन अलर्ट भेजा जाता था। अलर्ट आते ही मोबाइल स्क्रीन पर हाई-प्रायोरिटी नोटिफिकेशन फ्लैश होता था और तेज आवाज के साथ चेतावनी संदेश दिखाई देता था। कई स्मार्टफोन में यह संदेश ऑडियो के रूप में भी सुनाई देता था।
हाल ही में भेजे गए थे मौसम संबंधी अलर्ट
मई महीने में शुरू हुई इस सेवा का उपयोग उत्तर भारत के कई राज्यों में आई आंधी, तूफान और ओलावृष्टि के दौरान लोगों को सतर्क करने के लिए किया गया था। इसके माध्यम से मौसम, प्राकृतिक आपदा और अन्य आपात स्थितियों की जानकारी तुरंत लोगों तक पहुंचाई जाती थी।
क्यों रोकी गई सेवा?
NDMA ने फिलहाल सेवा को रोकने का कारण स्पष्ट नहीं किया है। हालांकि अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर तकनीकी और संचालन प्रक्रियाओं की समीक्षा की जा रही है। समीक्षा पूरी होने के बाद सेवा को दोबारा शुरू किया जा सकता है।
SMS से कैसे अलग है यह तकनीक?
सेल ब्रॉडकास्ट सिस्टम पारंपरिक SMS सेवा से पूरी तरह अलग है। इसमें संदेश भेजने के लिए इंटरनेट या मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं होती। नेटवर्क पर अधिक ट्रैफिक होने की स्थिति में भी यह सेवा प्रभावी रहती है, जबकि सामान्य SMS सेवाएं अक्सर देरी का शिकार हो जाती हैं।
किसने विकसित किया यह सिस्टम?
इस आधुनिक अलर्ट सिस्टम को सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (C-DOT) ने दूरसंचार विभाग (DoT), NDMA और गृह मंत्रालय के सहयोग से विकसित किया है। इसका उद्देश्य आपदा और आपात स्थितियों में नागरिकों तक रियल-टाइम चेतावनी पहुंचाकर जान-माल के नुकसान को कम करना है।
