नागौर पुलिस का बड़ा एक्शन! नशा तस्कर का 1 करोड़ का आलीशान मकान फ्रीज

Nagaur police: जयपुर/नागौर। नागौर जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन संकल्प-नशा मुक्त नागौर अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय नशा तस्कर की अवैध कमाई से खरीदा गया 1 करोड़ रुपये से अधिक कीमत का आलीशान मकान फ्रीज कर दिया। यह कार्रवाई कोतवाली थाना पुलिस ने जिला पुलिस अधीक्षक Roshan Meena के निर्देशन में की।

एसपी रोशन मीणा ने बताया कि आरोपी गोविंद राम उर्फ गोविंद जाट निवासी बाराणी ने मादक पदार्थों की तस्करी से भारी रकम अर्जित की थी। इसी अवैध आय से उसने अपनी पत्नी मूली देवी के नाम पर डीडवाना-बीकानेर बाईपास स्थित स्टार सिटी में दो प्लॉट खरीदकर आलीशान मकान बनवाया था। पुलिस जांच में यह संपत्ति नशे के कारोबार से अर्जित होना सिद्ध हुआ।

आरोपी के खिलाफ राजस्थान के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट के चार गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ के तहत फ्रीज करने का प्रस्ताव सक्षम प्राधिकारी दिल्ली को भेजा था। सुनवाई के बाद 17 अप्रैल 2026 को सक्षम प्राधिकारी ने फ्रीजिंग आदेश को मंजूरी दे दी।

नागौर पुलिस ने पिछले एक माह में दो आलीशान मकान और दो लग्जरी गाड़ियां फ्रीज करवाई हैं। एसपी मीणा ने कहा कि नशा तस्करों को जेल भेजने के साथ उनकी अवैध संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी, एएसपी जतिन जैन और कोतवाली थाना टीम की अहम भूमिका रही।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version