
NEW DELHI : संसद के विशेष सत्र से ठीक पहले केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को परिसीमन से जुड़े संशोधित महिला आरक्षण विधेयक को मंजूरी दे दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में दो अहम बदलावों पर मुहर लगाई गई-पहला, सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या एकसमान रूप से 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी और दूसरा, राज्यों के बीच सीटों के आनुपातिक बंटवारे के लिए 1971 की जनगणना को आधार मानने की समयसीमा 25 साल यानी 2051 तक बढ़ाई जाएगी। माना जा रहा है कि सरकार 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाली संसद की विशेष बैठक में यह बिल पेश कर सकती है, जो मानसून सत्र का ही विस्तार है।
सरकार का यह नया फॉर्मूला खासतौर पर दक्षिण भारतीय राज्यों-तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की उन चिंताओं को दूर करने के लिए लाया गया है, जिन्हें आशंका थी कि आबादी के आधार पर नया परिसीमन होने से संसद में उनकी हिस्सेदारी घट जाएगी। नए प्रस्ताव के तहत लोकसभा की अधिकतम सीटें बढ़ाकर 850 तक करने का रास्ता साफ होगा। राज्यों के भीतर सीटों की सीमा तय करने के लिए 2011 की जनगणना का इस्तेमाल होगा, लेकिन राज्यों के आपसी सीट अनुपात में कोई बदलाव नहीं होगा। गौरतलब है कि इससे पहले अप्रैल में 131वां संविधान संशोधन विधेयक दो-तिहाई बहुमत न जुटा पाने के कारण लोकसभा में गिर गया था, हालांकि बदले सियासी समीकरणों और एनसीपी (शरद पवार गुट) व डीएमके जैसे दलों के संभावित समर्थन से सरकार अब बहुमत को लेकर आश्वस्त दिख रही है।
दूसरी ओर, विपक्ष ने इस कदम पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने साझा रणनीति बनाने के लिए शनिवार को अपने आवास पर विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने इसे अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा की ‘सबसे बड़ी गलती’ करार दिया। वहीं, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने आरोप लगाया कि सरकार दलबदल के जरिए दो-तिहाई बहुमत जुटाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के 20 और शिवसेना के 6 ऐसे सांसद भी इस अहम वोटिंग में हिस्सा ले सकते हैं, जिनकी अयोग्यता के मामले अभी लंबित हैं।