विदेश नीति में नया मोड़, PM मोदी नहीं जाएंगे आसियान समिट, जयशंकर लेंगे कमान, ट्रंप की एंट्री तय

ASEAN Summit 2025

ASEAN Summit 2025 : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के कारण रविवार से शुरू हो रहे आसियान शिखर सम्मेलन की बैठकों में भाग लेने के लिए संभवत: मलेशिया नहीं जाएंगे। इस मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।(ASEAN Summit 2025) बताया जा रहा है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर इन बैठकों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

भारत ने मलेशिया को दी सूचना

आसियान (दक्षिण पूर्वी एशियाई राष्ट्रों का संगठन) शिखर सम्मेलन 26 से 28 अक्टूबर तक कुआलालंपुर में आयोजित किया जाएगा। शिखर सम्मेलन से संबंधित विचार-विमर्श में भारत की भागीदारी के स्तर पर अभी कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सूत्रों ने बताया कि भारत ने मलेशिया को सूचित किया है कि विदेश मंत्री जयशंकर भारत की ओर से प्रतिनिधित्व करेंगे। वहीं आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी के डिजिटल माध्यम से शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

ट्रंप भी जाएंगे कुआलालंपुर

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले कुछ वर्षों में आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया है। इस बार मलेशिया ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई देशों के नेताओं को आमंत्रित किया है। ट्रंप 26 अक्टूबर को दो दिवसीय यात्रा पर कुआलालंपुर पहुंचेंगे।

आसियान-भारत संवाद संबंध 1992 में एक क्षेत्रीय साझेदारी के रूप में शुरू हुए थे, जो 1995 में पूर्ण संवाद साझेदारी और 2002 में शिखर सम्मेलन स्तर की साझेदारी में परिवर्तित हुए। वर्ष 2012 में इन संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा मिला।

ये हैं आसियान के 10 सदस्य देश

आसियान के दस सदस्य देश हैं — इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपीन, सिंगापुर, थाईलैंड, ब्रुनेई, वियतनाम, लाओस, म्यांमा और कंबोडिया। सूत्रों ने बताया कि पहले प्रधानमंत्री मोदी की कंबोडिया यात्रा पर भी विचार किया जा रहा था, लेकिन मलेशिया यात्रा रद्द होने के बाद कंबोडिया की प्रस्तावित यात्रा भी स्थगित कर दी गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version