कटक में मूर्ति विसर्जन के दौरान हिंसा, 25 घायल, इंटरनेट बंद, कानून व्यवस्था बिगड़ी!

Katak violence

Katak violence: ओडिशा के कटक शहर में रविवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान बाइक रैली पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद माहौल बिगड़ गया। पुलिस के रोकने पर भीड़ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे 25 लोग घायल हो गए, जिनमें 8 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। हिंसा के दौरान कई स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं। प्रशासन ने तुरंत धारा 144 लागू कर दी और (Katak violence)शहर में इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद कर दी हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्थिति पर नजर रखने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

हिंसा में पुलिसकर्मियों समेत 25 लोग घायल

इस हिंसा से इलाके में दहशत फैल गई और वाहनों को नुकसान पहुंचा। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि कुछ स्थानों पर आगजनी की घटनाएं भी हुईं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।

इंटरनेट सेवाएं बंद, धारा 144 लागू

मूर्ति विसर्जन के दौरान कटक में फैली हिंसा ने प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया है। पुलिसकर्मियों समेत दर्जनों घायल हुए हैं। बीजेपी सरकार ने 13 थानों के क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लागू की है और सोशल मीडिया व इंटरनेट सेवाएं 24 घंटे के लिए बंद कर दी हैं।

पूर्व सीएम नवीन पटनायक ने की शांति की अपील

बीजू जनता दल की तरफ से एक बयान जारी किया गया, जिसमें कहा गया कि कटक शहर में दो समूहों के बीच तनाव और हिंसक घटनाओं को देखते हुए, ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने शहर में शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने शहर में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी गहरी चिंता व्यक्त की।

आगजनी की घटनाएं, दंगाइयों पर पुलिस की कार्रवाई

सहायक अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार बेहरा ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि गौरीशंकर पार्क के पास दंगाइयों ने 8-10 जगहों पर आग लगा दी है। हमने आग बुझा दी है। दंगाई हम पर पथराव कर रहे हैं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात की गई है।

इंटरनेट सेवाओं पर प्रतिबंध

ओडिशा सरकार की तरफ से जारी एक बयान में कहा गया है कि कटक शहर के इलाकों में दो समूहों के सदस्यों के बीच तनाव के कारण हिंसक घटनाएं होने के बाद, ओडिशा सरकार ने कटक नगर निगम, कटक विकास प्राधिकरण (सीडीए) और 42 मौजा क्षेत्र में आज शाम 7 बजे से कल शाम 7 बजे तक की अवधि के लिए इंटरनेट और डेटा सेवाओं के अन्य मीडिया के माध्यम से व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स और किसी भी अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के उपयोग और पहुंच पर प्रतिबंध लगा दिया है।

क्या है पूरा विवाद?

कटक शहर में दुर्गा पूजा के समापन के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए जुलूस निकाला जा रहा था। रात के करीब 1 बजे अचानक दो गुटों के बीच बहस हो गई। बहस विवाद में बदल गई और फिर पत्थरबाजी शुरू हो गई। बीच बचाव के लिए पुलिस गई तो DCP रिशिकेश खिल्लरी को चोट लग गई। इसके साथ ही अन्य पुलिसकर्मियों के साथ ही कई लोग घायल हो गए। इसके बाद VHP ने बंद का आह्वान किया था। रविवार की शाम को एक बार फिर से हिंसा भड़क गई।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version