MUMBAI: रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स का ₹30,213 करोड़ का IPO भारतीय और वैश्विक शेयर बाजार के इतिहास में नए रिकॉर्ड बनाते हुए सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। तीन दिनों की बिडिंग प्रक्रिया के दौरान यह इश्यू कुल 22.19 गुना सब्सक्राइब हुआ। इस मेगा IPO ने मांग और आवेदनों के मामले में कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं।
जियो प्लेटफॉर्म्स दुनिया का पहला ऐसा IPO बन गया है, जिसे 1 करोड़ से अधिक व्यक्तिगत निवेशकों के आवेदन मिले हैं। इसके अलावा ₹30,213 करोड़ के इश्यू साइज के साथ यह भारतीय कॉरपोरेट इतिहास की सबसे बड़ी इक्विटी ऑफरिंग भी बन गया है। खास बात यह है कि यह पूरा इश्यू नए फ्रेश शेयरों से मिलकर बना था, जिसमें पैरेंट कंपनी रिलायंस या रणनीतिक निवेशकों ने अपनी कोई पुरानी हिस्सेदारी (OFS) नहीं बेची।
बाजार में इस इश्यू को लेकर निवेशकों में जबरदस्त क्रेज देखा गया, जिसके चलते यह खुलने के 100 मिनट के भीतर ही पूरी तरह सब्सक्राइब हो गया था। भारी डिमांड को देखते हुए एक्सचेंजों को रोजाना बिडिंग का समय बढ़ाकर सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक करना पड़ा। ₹1,119 प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड पर कंपनी का पोस्ट लिस्टिंग मार्केट कैप लगभग ₹10.3 लाख करोड़ रहने का अनुमान है, जिससे यह देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल हो जाएगी।
