JD Vance: ईरान के साथ युद्धविराम समझौते पर बातचीत में जेडी वेंस अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। अमेरिका और ईरान के बीच दूसरे दौर की वार्ता पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में होनी है। जेडी वेंस ने करीब एक हफ्ते पहले इस्लामाबाद में हुई बातचीत में अमेरिकी डेलीगेशन को लीड किया था। दूसरे दौर के लिए वेंस के पाकिस्तान जाने पर डोनाल्ड ट्रंप के बयान की वजह (JD Vance)से संशय पैदा हो गया था। इसके बाद वाइट हाउस ने जेडी वेंस के नाम पर स्थिति साफ की है। वेंस के साथ एक बार फिर स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर उनकी टीम में रहेंगे।
वाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस पाकिस्तान में ईरान के साथ बातचीत के लिए अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। यह घोषणा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यह कहने के तुरंत बाद की गई कि वेंस इस यात्रा पर नहीं जाएंगे। ट्रंप ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए कहा था कि वेंस इस्लामाबाद नहीं जाएंगे। डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ऐलान किया है कि सोमवार को अमेरिकी टीम पाकिस्तान जाएगी।
ईरान के साथ कोई नरमी नहीं बरती
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को ईरान के साथ दूसरे दौर की बातचीत की पुष्टि की है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अमेरिकी टीम ईरानी डेलीगेशन से बातचीत के लिए सोमवार को पाकिस्तान जा रही है। इसके साथ ही ट्रंप ने धमकी दी है अगर बातचीत विफल होती है तो ईरान के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी और उनके बुनियादी ढांचे पर हमले करते हुए सब कुछ तबाह कर दिया जाएगा।
अमेरिका और ईरान की दूसरे दौर की वार्ता के लिए मेजबान देश पाकिस्तान में बड़े पैमाने पर तैयारी चल रही है। पाकिस्तानी सुरक्षाबलों की रावलपिंडी से इस्लामाबाद तक भारी संख्या में तैनाती की गई है। ईरान की ओर से फिलहाल यह तय नहीं है कि उसके डेलीगेशन में कौन-कौन से नेता होंगे। ईरान ने इस पर आधिकारिक तौर पर अभी तक कुछ नहीं कहा है।
पहले दौर में कोई नतीजा नहीं….
ईरान और अमेरिका के डेलीगेशन बीच पहले दौर की बातचीत इस्लामाबाद में बीते हफ्ते शनिवार शाम से रविवार तक (11-12 अप्रैल) हुई थी। दोनों पक्षों में 21 घंटे तक चर्चा हुई थी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका था। इसके बाद दोनों पक्ष अपने-अपने वतन को वापस लौट गए थे।
पहले दौर की बेनतीजा चर्चा के बाद ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधिमंडल अब एक बार फिर से इस्लामाबाद में मिलेंगे। ईरान की ओर से एक बार फिर बाघेर गालिबाफ और अब्बास अराघची पाकिस्तान आ सकते हैं। ईरान और अमेरिका का दो हफ्ते का सीजफायर बुधवार को खत्म हो रहा है।
