
JAIPUR : पंचायती राज आम चुनाव के चौथे और अंतिम चरण में सोमवार को जयपुर जिले की ग्रामीण जनता ने लोकतंत्र के प्रति जबरदस्त उत्साह दिखाया। जिले की चार पंचायत समितियों—बस्सी, जमवारामगढ़, आंधी और तूंगा की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए शाम 6 बजे तक कुल 85.27 फीसदी मतदान दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश के औसत मतदान (84.42%) से भी अधिक रहा।
सुबह 7 बजे मतदान शुरू होने से पहले ही 447 मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। खास बात यह रही कि ग्रामीण इलाकों में महिला मतदाताओं में गजब का जोश देखने को मिला। बस्सी की पालावाला जाटान समेत कई पंचायतों में सुबह से ही महिलाएं पारंपरिक परिधानों में गीत गाते हुए वोट डालने पहुंचीं। कुल 4,07,280 मतदाताओं में से 2.12 लाख पुरुष और 1.94 लाख महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
बस्सी सबसे आगे, चारों समितियों में जमकर बरसे वोट मतदान प्रतिशत के मामले में बस्सी पंचायत समिति 86.17 फीसदी के साथ जिले में अव्वल रही। इसके बाद जमवारामगढ़ में 85.59 फीसदी, आंधी में 84.47 फीसदी और तूंगा में 84 फीसदी मतदाताओं ने अपने गांव की सरकार चुनने के लिए बैलेट पेपर पर मुहर लगाई।
58 पंचायतों में 10 से ज्यादा उम्मीदवार, बेहद रोचक हुआ मुकाबला इस बार सरपंच पद के लिए गांवों में जबरदस्त घमासान देखने को मिला। 140 ग्राम पंचायतों में से 58 पंचायतें ऐसी रहीं, जहां 10 या उससे अधिक प्रत्याशी मैदान में उतरे, जिससे मुकाबला बेहद कांटे का और बहुकोणीय हो गया। चारों पंचायत समितियों में उम्मीदवारों की स्थिति कुछ इस प्रकार रही:
-
बस्सी: यहां की 42 पंचायतों में सबसे ज्यादा 361 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें से 15 पंचायतों में 10 से अधिक उम्मीदवार हैं। विजमुकंदपुरा में सर्वाधिक 17, बांसखो में 16 और हंसमहल में 14 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
-
जमवारामगढ़: यहां की 42 पंचायतों में 345 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। रोरही में 17 और नायला में 16 प्रत्याशियों के उतरने से चुनावी समीकरण बेहद दिलचस्प बने हुए हैं।
-
आंधी: 32 पंचायतों में कुल 288 प्रत्याशी मैदान में हैं, जिनमें से आधी यानी 16 पंचायतों में 10 से ज्यादा उम्मीदवार हैं। चावंडिया में 17 और बिरासना में 16 प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
-
तूंगा: यहां की 24 पंचायतों में 230 उम्मीदवार सरपंच बनने की दौड़ में हैं, जिनमें अनंतपुरा में 16 और तूंगा में 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मतदान संपन्न होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर ही मतगणना शुरू की गई। वहीं, निर्वाचित पंचों और सरपंचों द्वारा मंगलवार को उप-सरपंच का चुनाव भी संपन्न कराया जा रहा है। इससे पहले 14 नवंबर को इन्हीं क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए ईवीएम से मतदान हुआ था, जिसकी मतगणना अब 20 नवंबर को जिला मुख्यालय पर होगी।