Red Bull: जयपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर के बस्सी इंडस्ट्रियल एरिया में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रतिष्ठान से विभिन्न ब्रांड के 10 हजार से अधिक एनर्जी ड्रिंक कैन सीज किए हैं।(Red Bull) कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देश पर की गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (जयपुर द्वितीय) एवं अभिहित अधिकारी डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जीआरएस एंटरप्राइजेज का निरीक्षण कर रेड बुल, कैंपा एनर्जी और प्रीडेटर एनर्जी ड्रिंक के नमूने लिए। जांच के दौरान रेड बुल के 1,512 कैन, कैंपा एनर्जी के 4,928 कैन और प्रीडेटर एनर्जी के 3,608 कैन को सीज कर दिया गया। तीनों ब्रांडों के नमूने जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजे जाएंगे।
FSSAI के नियमों की होगी जांच
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पेय पदार्थों पर ‘स्टिमुलेट्स माइंड’, ‘एनर्जाइज बॉडी’, ‘एनर्जी ड्रिंक’, ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ और ‘हेल्दी ड्रिंक’ जैसे दावों को भ्रामक प्रचार की श्रेणी में माना है। इसी संबंध में FSSAI ने देश की कई प्रमुख बेवरेज कंपनियों को नोटिस जारी कर जवाब भी मांगा है।
बच्चों और गर्भवती महिलाओं के लिए हो सकता है नुकसानदायक
अधिकारियों ने बताया कि अधिक कैफीन वाले पेय पदार्थ गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। इसलिए इन उत्पादों की लेबलिंग और गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश चंद यादव, अवधेश गुप्ता और नंदकिशोर कुमावत शामिल रहे।
