Jaipur ACB Trap:जयपुर। जयपुर ग्रामीण में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई की है। अमरसर थाना क्षेत्र में परिवादी के खिलाफ दर्ज शिकायत को रफा-दफा करने और उसके पक्ष में रिपोर्ट तैयार करने के बदले कथित तौर पर रिश्वत मांगने के मामले में हेड (Jaipur ACB Trap)कांस्टेबल और एक निजी व्यक्ति को 40 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
50 हजार की रिश्वत मांगी, 40 हजार पर सौदा तय
ACB के अनुसार, जयपुर नगर-प्रथम इकाई को लिखित शिकायत मिली थी। इसमें आरोप लगाया गया कि पुलिस थाना अमरसर में दर्ज परिवाद को खत्म करने और परिवादी के पक्ष में रिपोर्ट बनाने के बदले हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य द्वारा 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत का सत्यापन कराया गया। इस दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि हुई और आरोपी 40 हजार रुपए लेने पर सहमत हुआ।
सेल्समैन ने ली रिश्वत की रकम
सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान अमरसर स्थित अंग्रेजी व देशी शराब ठेके के सेल्समैन राकेश कुमार मीणा ने कथित तौर पर हेड कांस्टेबल के लिए परिवादी से 40 हजार रुपए प्राप्त किए। इसके तुरंत बाद ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
इसके बाद हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य को डिटेन कर पूछताछ की गई और फिर गिरफ्तार कर लिया गया।
ACB की टीम ने ऐसे की कार्रवाई
कार्रवाई DIG पुलिस-द्वितीय ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन और ASP भूपेन्द्र के नेतृत्व में की गई। ACB के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में दोनों आरोपियों से पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।ACB ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा।
ब्यूरो ने लोगों से अपील की है कि भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में सीधे ACB से संपर्क कर अपना पक्ष या स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जा सकता है। ACB ने स्पष्ट किया कि प्राप्त स्पष्टीकरण के विस्तृत विश्लेषण के बाद ही अनुसंधान में निर्णय लिया जाता है। भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए ACB का टोल फ्री नंबर 1064 और WhatsApp हेल्पलाइन 9413502834 उपलब्ध है।
