Food Safety Department: जयपुर। शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के अंतर्गत आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान डॉक्टर टी शुभमंगला के निर्देश पर सी एम एच ओ जयपुर द्वितीय की फूड सेफ्टी टीम ने खो नागोरियान क्षेत्र में 450 किलो संदिग्ध पनीर नष्ट करवाया।
सी एम एच ओ जयपुर द्वितीय डॉक्टर मनीष मित्तल ने बताया कि (Food Safety Department)मंगलवार सुबह पुलिस थाना खो नागोरियान की सूचना पर टीम को भेजा गया। लक्ष्मी नगर स्थित एम के डेयरी का निरीक्षण करने पर यहां डीप फ्रिज एवं कैरटो में लगभग 450 किलो पनीर भरा हुआ रखा था। डेयरी के मालिक मुस्तफा से पूछताछ करने पर उसने बताया कि अलवर से पनीर 220 रुपये किलो मंगवाकर 260 रुपए किलो में बेचता है। उसने बताया कि यह पनीर दूध में से क्रीम निकाल कर तैयार किया जाता है।
इस प्रकार क्रीम निकालकर लूज पनीर तैयार कर बेचना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत प्रतिबंधित है। पनीर की क्वालिटी घटिया होने एवं दूषित होने एवं मिलावट का अंदेशा होने पर कारण पनीर का नमूना लेकर लगभग 450 किलो पनीर को टीम द्वारा नष्ट करवाया गया। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुशील चोटवानी, विनोद थारवान एवं राजेश नागर शामिल रहे।
