पुलिस को देखते ही दोनों कारें भागीं… पीछा हुआ तो खुला ऐसा राज, जिसे देखकर पुलिस भी रह गई हैरान!

Rajasthan Crime News

Rajasthan Crime News : जयपुर। नगर निकाय चुनावों के मद्देनजर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और उत्तर प्रदेश सीमा से होने वाली अवैध तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत डीग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली डीग पुलिस और जिला डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में दो लग्जरी कारों से 51.120 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। (Rajasthan Crime News )पुलिस ने मौके से तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर दो कारें और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान तस्करों ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर मालीपुरा मोड़ पर उन्हें घेर लिया।

नाकाबंदी तोड़कर भागे तस्कर

डीएसटी टीम प्रभारी उपनिरीक्षक अमर सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश के गोवर्धन की ओर से दो कारों में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर डीग की तरफ आ रहे हैं। सूचना के आधार पर बहज चौकी पर नाकाबंदी की गई।

पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक बैरिकेडिंग तोड़कर तेज रफ्तार में डीग की ओर भाग निकले। इसके बाद डीएसटी टीम ने एसपी कंट्रोल रूम और कोतवाली डीग थानाधिकारी हीरालाल को सूचना दी। मालीपुरा मोड़ पर तत्काल दूसरी नाकाबंदी कर घेराबंदी की गई और तीनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।

दो कारों में छिपाकर रखा था गांजा

तलाशी के दौरान स्विफ्ट डिजायर कार HR 55 AT 4446 से चार पैकेटों में 20 किलो 520 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं बलेनो कार RJ 05 CC 4912 से छह पैकेटों में 30 किलो 600 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने आरोपियों के चार मोबाइल फोन भी जब्त किए।

गांजे के परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुमति या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं करने पर कोतवाली डीग थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीतेन्द्र सिंह उर्फ जीतू, निवासी रामपुरा थोक बहज, थाना डीग, तथा शीशपाल और नरेश, दोनों निवासी बल्लभगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस अब गांजे की सप्लाई के स्रोत और इसके संभावित नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version